झारखंड शराब घोटाला : बाबूलाल मरांडी ने राज्यपाल से की मुलाकात, ACB पर सवाल उठाते हुए CBI जांच की मांग
रांची : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने मंगलवार को लोक भवन में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मुलाकात की और एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में मरांडी ने राज्य में कथित 750 करोड़ रुपये से अधिक के शराब घोटाले की जांच को लेकर भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की भूमिका पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने राज्यपाल से आग्रह किया है कि ACB को शीघ्र चार्जशीट दाखिल करने का निर्देश दिया जाए और जांच की प्रगति की समीक्षा कर इस मामले को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) को सौंपने की पहल की जाए।
मरांडी ने ज्ञापन में कहा कि ACB की जांच में देरी और संदिग्ध भूमिका के कारण मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने के लिए CBI स्तर की जांच जरूरी है।


















