आदित्यपुर में देर रात खूनी संघर्ष: दो गुटों के बीच फायरिंग, 22 वर्षीय राजवीर सिंह गंभीर रूप से घायल
आदित्यपुर (सरायकेला-खरसावां) : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात हुई भीषण गोलीबारी ने पूरे इलाके को दहला दिया। सालडीह बस्ती स्थित श्रीनाथ पब्लिक स्कूल के समीप वर्चस्व और पुरानी आपसी रंजिश को लेकर दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि एक गुट ने हथियार निकाल लिए और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!इस हिंसक घटना में 22 वर्षीय युवक राजवीर सिंह को गोली लग गई, जो गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल युवक को तुरंत टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
सूत्रों के अनुसार, फायरिंग का मुख्य आरोप संजय सरकार के पुत्र शुभम सरकार पर है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने आशीष नामक व्यक्ति को निशाना बनाकर गोली चलाई थी, लेकिन गोली राजवीर सिंह को जा लगी। घटना के पीछे पुरानी रंजिश और क्षेत्र में वर्चस्व की लड़ाई को मुख्य कारण माना जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने मामले की गहन छानबीन शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि इस तरह की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

















