‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के लिए बंगाली समाज नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आगे आए: भारती घोष

रांची : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राष्ट्रीय प्रवक्ता और पूर्व आईपीएस अधिकारी श्रीमती भारती घोष ने आज झारखंड के बंगाली समाज से आह्वान किया कि वे ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के निर्माण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेततृत्व में एकजुट होकर योगदान दें। उन्होंने पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि ‘सोनार बांग्ला’ आज अन्याय और अत्याचार का बंगाल बन गया है।

भारती घोष ने कहा कि ममता बनर्जी के शासन में बंगाल की स्थिति दयनीय हो चुकी है। आम लोग परेशान हैं, उद्योग-धंधे ठप हो गए हैं, मेडिकल कॉलेजों में बेटियां सुरक्षित नहीं हैं, और बाढ़ जैसी आपदा के बीच मुख्यमंत्री पूजा पंडालों के उद्घाटन में व्यस्त हैं। उन्होंने ममता सरकार को संवेदनहीन और निरंकुश करार देते हुए कहा कि 26,000 शिक्षक सड़क पर रो रहे हैं और लगभग 80 लाख युवा रोजगार की तलाश में राज्य से पलायन कर चुके हैं।

उन्होंने बंगाली समाज से आह्वान किया कि वे अपने निजी हितों से ऊपर उठकर राष्ट्र और बंगाल के विकास के लिए एकजुट हों। उन्होंने बंगाल के गौरवशाली इतिहास का जिक्र करते हुए कहा कि यह रामकृष्ण परमहंस, मां शारदा, स्वामी विवेकानंद, सुभाष चंद्र बोस, बंकिम चंद्र चटर्जी, रविंद्रनाथ टैगोर और श्यामा प्रसाद मुखर्जी की धरती है। बंगाल ने देश को राष्ट्रगान और ‘वंदे मातरम’ दिया, लेकिन आज यह भ्रष्टाचार और कुशासन के कारण बदनाम हो रहा है।

भारती घोष ने जोर देकर कहा कि देशभर में बसे बंगाली समाज को एकजुट होकर भ्रष्ट और नाकारा ममता सरकार को आगामी विधानसभा चुनाव में उखाड़ फेंकने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की प्रगति की सराहना करते हुए कहा कि भारत तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। बंगाली समाज को विकसित बंगाल के लिए भी इस दिशा में योगदान देना होगा।

उन्होंने कहा कि बंगाली समाज ने दिल्ली में मजबूत भाजपा सरकार बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। अब समय है कि बंगाल में भी भाजपा के नेतृत्व में एक मजबूत सरकार बनाई जाए।

प्रेस वार्ता में प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय, प्रेम मित्तल, शिवपूजन पाठक और रामाकांत महतो उपस्थित थे।

















