सम्राट चौधरी होंगे बिहार के नए मुख्यमंत्री, 15 अप्रैल को शपथ ग्रहण
पटना : बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव सामने आया है। सम्राट चौधरी को राज्य का नया मुख्यमंत्री चुना गया है। विधायक दल की बैठक में उनके नाम पर अंतिम मुहर लग गई है। इसके साथ ही वे बिहार के अगले मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सूत्रों के अनुसार, विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से सम्राट चौधरी को नेता चुना गया। अब वे राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। शपथ ग्रहण समारोह 15 अप्रैल को सुबह 11 बजे लोकभवन में आयोजित होगा, जिसमें मुख्यमंत्री के साथ दो उपमुख्यमंत्री भी शपथ लेंगे।
इस राजनीतिक बदलाव की पृष्ठभूमि में नीतीश कुमार का राज्यसभा जाना है। हाल ही में उन्होंने राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ली थी, जिसके बाद मुख्यमंत्री पद खाली हो गया था। तभी से नए मुख्यमंत्री को लेकर कयासों का दौर जारी था।
हालांकि कई नेताओं के नाम चर्चा में थे, लेकिन अंततः पार्टी नेतृत्व ने सम्राट चौधरी पर भरोसा जताया। सोमवार को राज्यपाल के सचिव ने भी सम्राट चौधरी से मुलाकात की थी, जिससे उनके नाम पर सहमति बनने के संकेत मिल गए थे। अब सभी की नजरें 15 अप्रैल को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह पर टिकी हैं, जहां बिहार को नया नेतृत्व औपचारिक रूप से मिल जाएगा।
















