भाजपा के आरोप हताशा की उपज, झारखंड की प्रगति पचा नहीं पा रही भाजपा : विनोद पांडेय
रांची : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय महासचिव विनोद पांडेय ने भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह द्वारा लगाए गए आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हुए इसे हेमंत सोरेन सरकार की बढ़ती लोकप्रियता और राज्य में तेजी से हो रहे विकास से उपजी घबराहट करार दिया है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!विनोद पांडेय ने कहा कि भाजपा अपने डेढ़ दशक के शासनकाल में झारखंड को बदहाली की जिस गर्त में छोड़कर गई थी, आज उसी की याद उन्हें सता रही है। दूसरी ओर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य विकास और समृद्धि के पथ पर तेजी से अग्रसर है।
उन्होंने कहा, “भाजपा नेताओं को हेमंत सरकार की उपलब्धियां दिखाई ही नहीं देतीं क्योंकि उनकी राजनीति आदिवासी, मूलवासी और गरीब विरोधी रही है। उनकी पूरी राजनीति झूठ, भ्रम और अफवाहों पर टिकी है।”
भ्रष्टाचार का आरोप भाजपा को शोभा नहीं देता
विनोद पांडेय ने कहा कि जिस पार्टी ने पूरे देश में भ्रष्टाचार का नया इकोसिस्टम खड़ा किया हो – ईडी राज, नोटबंदी से लेकर सार्वजनिक उपक्रमों की बिक्री तक – उसे झारखंड पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। हेमंत सरकार ने पारदर्शिता को बढ़ावा दिया और हर स्तर पर निरीक्षण व्यवस्था को मजबूत किया है।
शिक्षा-स्वास्थ्य पर भाजपा का ज्ञान हास्यास्पद
झामुमो महासचिव ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में हजारों शिक्षकों की बहाली, सैकड़ों स्कूलों का नवीनीकरण, 400 से अधिक उच्च विद्यालयों का उच्चतर माध्यमिक में उन्नयन और हर जिले में सुपर स्पेशियलिटी स्वास्थ्य सुविधाएं – ये सब हेमंत सरकार की उपलब्धियां हैं। उन्होंने तंज कसा कि एक आदिवासी मुख्यमंत्री की उपलब्धियों को भाजपा नेता स्वीकार ही नहीं कर पाते, यह उनके डीएनए में नहीं है।
केंद्र का सहयोग अधिकार है, उपकार नहीं
श्री पांडेय ने कहा कि मोदी सरकार का बजट या कोई सहयोग बताना उपकार नहीं है। झारखंड भी केंद्र को कर देता है, खनिज देता है, ऊर्जा देता है। यह केंद्र सरकार का दायित्व है, दया नहीं। कोयला रॉयल्टी के रूप में 1.36 लाख करोड़ रुपये मिलने की बात भाजपा नेता क्यों नहीं करते? 1932 का खतियान, सरना धर्म कोड और पिछड़ा वर्ग आरक्षण जैसे मुद्दों पर भी भाजपा खामोश क्यों है?
घाटशिला उपचुनाव पर भाजपा की हार की कुंठा
घाटशिला विधानसभा उपचुनाव में झामुमो की जीत पर टिप्पणी करते हुए श्री पांडेय ने कहा कि जनता ने विकास और भरोसे के आधार पर झामुमो को चुना। भाजपा अपनी करारी हार को सहानुभूति का नाम देकर जनता का अपमान कर रही है।
अंत में विनोद पांडेय ने कहा, “भाजपा झूठ बोलते-बोलते थक चुकी है, लेकिन झारखंड की जनता हेमंत सोरेन सरकार पर पूरा भरोसा करती है। अरुण सिंह जैसे नेताओं के बयान केवल उनकी बौखलाहट और हताशा का प्रमाण हैं।”

















