झारखंड में हेमंत सरकार पर भाजपा का तीखा प्रहार: “लूट-भ्रष्टाचार का तांडव, कोई विजन नहीं”–अरुण सिंह
रांची : भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं सांसद अरुण सिंह ने सोमवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में प्रेस वार्ता कर झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार और इंडिया गठबंधन पर जमकर हमला बोला। अरुण सिंह झारखंड में ‘आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान’ की समीक्षा बैठक में शामिल होने आए थे।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!“हेमंत सरकार के पास आत्मनिर्भर झारखंड का कोई विजन नहीं”
अरुण सिंह ने कहा कि हेमंत सरकार 2050 तक विकसित झारखंड बनाने की बात करती है, लेकिन वर्तमान में राज्य को जिस राह पर ले जा रही है, वह विकास से कोसों दूर ले जा रही है। पिछले छह वर्षों में हेमंत सरकार ने विकास का कोई नया विजन नहीं दिया। राज्य में केवल लूट और भ्रष्टाचार का तांडव चल रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया स्कूलों में शिक्षक नहीं, अस्पतालों में दवाइयाँ नहीं, बच्चों को संक्रमित खून चढ़ाया जा रहा है, डीएमएफटी फंड की खुली लूट हो रही है, बोकारो में बड़े घोटाले उजागर हुए हैं, जनता के विकास पर फंड खर्च नहीं हो रहे और सड़कों के गड्ढे तक नहीं भरे जा रहे।
अरुण सिंह ने कहा, “जो भी विकास और बुनियादी सुविधाएँ दिख रही हैं, वह सब मोदी सरकार की देन है।” उन्होंने बताया कि यूपीए शासन में बुनियादी ढांचे का बजट मात्र 2.50 लाख करोड़ था, जबकि मोदी सरकार ने इसे साढ़बारह लाख करोड़ रुपए कर दिया। झारखंड में भारतमाला प्रोजेक्ट के लिए 35 हजार करोड़ रुपए का बजट आवंटित किया गया है।
बिहार चुनाव जीत को मोदी-नीतीश की जीत बताया
बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की प्रचंड जीत पर अरुण सिंह ने कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सुशासन की जीत है। इंडिया गठबंधन मुद्दों और विकास की राजनीति नहीं कर रहा, इसलिए जनता उसे बार-बार नकार रही है।
राहुल गांधी पर व्यक्तिगत हमला
भाजपा नेता ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को “फ्रस्ट्रेटेड नेता” करार देते हुए कहा कि वे विदेश जाकर भारत को गाली देते हैं। जनता उन्हें और कांग्रेस को लगातार नकार रही है।
इंडिया गठबंधन में खटपट बढ़ेगी
अरुण सिंह ने कहा कि बिहार चुनाव में कांग्रेस ने झामुमो का साथ नहीं दिया और झामुमो को अपमानित किया गया। झारखंड में कांग्रेस सत्ता का सुख भोग रही है, लेकिन बिहार में उसने झामुमो की कोई मदद नहीं की। इससे इंडिया गठबंधन की आपसी खटपट और बढ़ेगी, जिसका असर दूर तक जाएगा।
घाटशिला उपचुनाव पर टिप्पणी
घाटशिला उपचुनाव में झामुमो की जीत पर अरुण सिंह ने कहा कि यह जीत सरकार के परफॉर्मेंस की नहीं, बल्कि सहानुभूति और सत्ता के दुरुपयोग की जीत है।

















