झारखंड की रजत जयंती पर किसानों को बड़ी सौगात: धान का पूरा पैसा एकमुश्त, बिचौलियों पर कड़ी नकेल
झारखंड राज्य की रजत जयंती के अवसर पर खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने किसानों के लिए ऐतिहासिक और क्रांतिकारी फैसला लिया है। इस बार राज्य में धान खरीद पर किसानों को एकमुश्त पूरा भुगतान किया जाएगा, यानी अब दो किस्तों की पुरानी व्यवस्था और लंबा इंतजार हमेशा के लिए खत्म!
मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने बताया कि केंद्र सरकार के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) के ऊपर राज्य सरकार लगभग ₹100 प्रति क्विंटल अतिरिक्त बोनस देने की तैयारी कर रही है। इस प्रस्ताव को जल्द ही कैबिनेट की बैठक में मंजूरी मिलने की संभावना है।
अब तक दो किस्तों में मिलने वाला पैसा इस बार एक साथ किसानों के खाते में पैसे आएंगे। राज्य में धान की कटाई 10-15 दिनों में पूरी हो जाएगी, इसके तुरंत बाद खरीदी शुरू होगी। साथ ही बाहर के राज्यों के बिचौलियों पर विशेष निगरानी, धान बाहर ले जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी, वहीं अधिकारियों को किसी भी लापरवाही पर तत्काल एक्शन का निर्देश दिया गया है।
मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा, “किसानों को उनकी मेहनत का पूरा पैसा तुरंत मिले, यही मेरा लक्ष्य है। बिचौलियों की वजह से किसान मजबूर होकर कम दाम पर धान बेचते थे। अब ऐसा नहीं होगा। किसान मजबूत होंगे तो झारखंड मजबूत होगा।” इस घोषणा के बाद राज्य भर के किसानों में खुशी की लहर है। कई किसान संगठनों ने मंत्री डॉ. अंसारी को धन्यवाद देते हुए इसे “झारखंड के किसानों की अब तक की सबसे बड़ी जीत” बताया है।

















