चाईबासा में झाड़-फूंक के बाद खूनी वारदात, सो रहे पुजारी की चाकू मारकर हत्या; आरोपी फरार
चाईबासा । पश्चिमी सिंहभूम के गोइलकेरा इलाके में झाड़-फूंक के बाद हुई एक हत्या ने पूरे गांव को हिला दिया। बड़ैला गांव में मंगलवार रात पूजा-पाठ और झाड़-फूंक कराने पहुंचे पुजारी की बुधवार तड़के धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। वारदात का आरोप उसी युवक पर है, जिसके घर में पुजारी झाड़-फूंक करने पहुंचे थे।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मृतक की पहचान 42 वर्षीय गोरा अंगरिया के तौर पर हुई है। पुलिस के अनुसार, गांव के ही 24 वर्षीय पोंडे राम अंगरिया पर हत्या का आरोप है। घटना के बाद से वह फरार है।

रात में पूजा, फिर वहीं रुक गए पुजारी
जानकारी के मुताबिक पोंडे राम पिछले कुछ दिनों से कथित तौर पर असामान्य व्यवहार कर रहा था। परिवार की ओर से उसकी झाड़-फूंक कराने का फैसला लिया गया। मंगलवार रात गोरा अंगरिया और डाकुवा मुखी राम अंगरिया समेत कुछ ग्रामीण उसके घर पहुंचे।
पूजा-पाठ खत्म होने के बाद बाकी लोग अपने घर लौट गए, जबकि पुजारी और डाकुवा वहीं रुक गए। बताया जा रहा है कि पोंडे राम भी उसी कमरे में सो गया था।
सुबह होने से पहले हुआ हमला
घटना तड़के करीब साढ़े चार बजे की बताई जा रही है। आरोप है कि इसी दौरान पोंडे राम ने सो रहे गोरा अंगरिया पर चाकू से हमला कर दिया। गर्दन पर गंभीर चोट लगने के कारण उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
कमरे में मौजूद डाकुवा मुखी राम को जब तक घटना का पता चलता, आरोपी वहां से निकल चुका था।
पुलिस कर रही आरोपी की तलाश
घटना की जानकारी मिलने के बाद गोइलकेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर तलाश और छापेमारी की जा रही है।

















