बोकारो में तेनुघाट डैम के 8 फाटक खुले, 31,800 क्यूसेक पानी दामोदर में छोड़ा गया, निचले इलाकों में अलर्ट
बोकारो। लगातार हो रही बारिश के कारण तेनुघाट डैम का जलस्तर बढ़ गया है। जलस्तर बढ़ने के बाद डैम के 8 फाटक खोल दिए गए हैं। इन फाटकों से करीब 31,800 क्यूसेक पानी दामोदर नदी में छोड़ा जा रहा है। पानी छोड़े जाने के बाद दामोदर नदी का जलस्तर भी बढ़ गया है। इसे देखते हुए नदी के आसपास रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!प्रशासन ने मछुआरों और आम लोगों से दामोदर नदी के किनारे नहीं जाने की अपील की है। सुरक्षा के मद्देनजर संवेदनशील स्थानों पर चेतावनी बोर्ड भी लगाए गए हैं। जिला प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और कंट्रोल रूम के माध्यम से जलस्तर की निगरानी की जा रही है।

852 फीट से ऊपर पहुंचा जलस्तर
लगातार बारिश के कारण तेनुघाट डैम में पानी की आवक बढ़ी है। डैम की अधिकतम जल भंडारण क्षमता 852 फीट बताई गई है। जलस्तर बढ़ने के बाद पानी के दबाव को नियंत्रित करने के लिए फाटकों से पानी की निकासी की जा रही है।
तेनुघाट डैम में कुल 18 गेट हैं। इनमें 10 रेडियल गेट और 8 अंडर-स्लूइस गेट शामिल हैं।
पहले भी खोले गए थे 10 गेट
लगातार बारिश के दौरान इससे पहले भी तेनुघाट डैम के 10 गेट खोले गए थे। उस समय करीब 32,300 क्यूसेक पानी दामोदर नदी में छोड़ा गया था।
फिलहाल 8 गेट से पानी छोड़े जाने के कारण दामोदर के जलस्तर में बढ़ोतरी हुई है। ऐसे में नदी किनारे रहने वाले लोगों और खासकर मछुआरों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
धूप निकलने से मिली राहत
बोकारो में आज आसमान साफ होने और धूप निकलने से लोगों को लगातार बारिश से कुछ राहत मिली है। हालांकि, पिछले दिनों हुई भारी बारिश के कारण कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। प्रशासन की ओर से जलस्तर और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

















