बोकारो : बुजुर्ग महिला को स्प्रे से बेहोश कर साढ़े तीन लाख के गहने उड़ाए; CCTV में तस्वीरें कैद
बोकारो : जिले के चास थाना क्षेत्र अंतर्गत शिव शक्ति कॉलोनी में दिनदहाड़े ठगी और चोरी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। चायपत्ती बेचने के बहाने घर में दाखिल हुए दो अज्ञात अपराधियों ने एक बुजुर्ग महिला को झांसे में लेकर अर्धबेहोशी की स्थिति में ला दिया और उनके शरीर से करीब 3.50 लाख रुपये के सोने के आभूषण लेकर फरार हो गए। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मिली जानकारी के अनुसार, शिव शक्ति कॉलोनी निवासी 68 वर्षीय हीरामणि देवी अपने पति राम पुकार राम के साथ घर पर मौजूद थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक उनके दरवाजे पर पहुंचे और खुद को चायपत्ती का विक्रेता बताया। महिला द्वारा चायपत्ती लेने से इनकार करने पर, युवकों ने उन्हें जबरन सैंपल दिखाने का प्रयास किया। इस दौरान बदमाशों ने किसी नशीले पदार्थ या स्प्रे का इस्तेमाल किया, जिससे महिला अर्धबेहोशी की हालत में आ गईं।

महिला के अचेत होते ही बदमाशों ने उनके गले से सोने की चेन, कान की बालियां और नाक के आभूषण उतार लिए और मौके से फरार हो गए। करीब 15 से 20 मिनट बाद जब पीड़ित महिला को होश आया, तो उन्होंने आपबीती अपने पति को बताई।
घटना की सूचना तुरंत स्थानीय चास थाना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, सीसीटीवी में दोनों संदिग्धों की तस्वीरें स्पष्ट दिख रही हैं, जिसके आधार पर छापेमारी की जा रही है। बताया जा रहा है कि इन बदमाशों ने पड़ोस के एक अन्य मकान में भी इसी तरह की ठगी का प्रयास किया था, लेकिन वहां वे सतर्कता के कारण असफल रहे।
मामले की जांच कर रही चास थाना पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान विक्रेता या संदिग्ध व्यक्ति को घर के भीतर न आने दें। किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन या हेल्पलाइन नंबर पर सूचना दें।

















