पटना यूनिवर्सिटी में शिक्षक दिवस पर बम धमाका, डबल डेकर पुल से फेंका गया था बम
पटना: शिक्षक दिवस के मौके पर पटना यूनिवर्सिटी में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब भूगोल विभाग की पार्किंग में अचानक बम धमाका हो गया। घटना के समय विभाग में शिक्षक दिवस का कार्यक्रम चल रहा था। धमाके की तेज आवाज से कैंपस में हड़कंप मच गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विश्वविद्यालय के पास से गुजर रहे डबल डेकर पुल के ऊपर से बम पार्किंग की तरफ फेंका गया था। गनीमत रही कि इस घटना में किसी छात्र, शिक्षक या कर्मचारी के घायल होने की सूचना नहीं है।

पुलिस ने घटनास्थल को किया सील
धमाके की सूचना मिलने के बाद पीरबहोर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की। इसके बाद फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने मौके से विस्फोट के बाद बचे अवशेष और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं।
CCTV फुटेज से आरोपी की तलाश
पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। शुरुआती जांच में पुलिस को ऐसे फुटेज मिलने की बात सामने आई है, जिससे बम पुल के ऊपर से फेंके जाने की जानकारी मिली है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बम फेंकने वाला कौन था और घटना के पीछे क्या वजह थी।

पटना यूनिवर्सिटी के असिस्टेंट प्रॉक्टर प्रो. उदय शंकर ने बताया कि घटना के समय विभाग में शिक्षक दिवस का कार्यक्रम चल रहा था और घटना में कोई घायल नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि जांच में यदि विश्वविद्यालय के किसी छात्र की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पहले भी पटना यूनिवर्सिटी में हो चुका है बम धमाका
यह भी महत्वपूर्ण है कि पटना यूनिवर्सिटी परिसर में पहले भी बम धमाके की घटना सामने आ चुकी है। इसलिए ताजा घटना ने विश्वविद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की पहचान की कोशिश जारी है।

















