सीएम हेमंत सोरेन ने राज्यवासियों को नववर्ष 2026 की हार्दिक शुभकामनाएं दीं
रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने नववर्ष 2026 के अवसर पर राज्यवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि नव वर्ष 2026 का आगमन केवल एक नए वर्ष की शुरुआत नहीं है, बल्कि यह हमारे वीर पुरुखों के सपनों के ‘सोना झारखंड’ के निर्माण की ओर एक महत्वपूर्ण कदम भी है।
सीएम सोरेन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर राज्य की जनता को जोहार देते हुए लिखा, “नव वर्ष 2026 की सभी को हार्दिक बधाई, शुभकामनाएं और जोहार। नव वर्ष 2026 का आगमन केवल एक नए वर्ष की शुरुआत नहीं है, बल्कि यह हमारे वीर पुरुखों के सपनों के सोना झारखण्ड के निर्माण की तरफ एक महत्वपूर्ण कदम भी है।”
उन्होंने आगे कहा कि वर्ष 2025 में झारखंड राज्य निर्माता दिशोम गुरुजी आदरणीय शिबू सोरेन जी और महान आंदोलनकारी आदरणीय रामदास सोरेन जी सशरीर हमसे दूर हो गए, लेकिन आज वे प्रकृति की गोद से हमें आशीर्वाद दे रहे हैं। मुख्यमंत्री ने राज्यवासियों के जीवन में सुख, शांति, उत्तम स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना की।
सीएम सोरेन ने अपने संदेश में 2050 तक झारखंड को समृद्ध, न्यायपूर्ण और सतत विकास वाले राज्य बनाने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य झारखंड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करना है।


















