रांची जिला प्रशासन की पहल: हर मंगलवार प्रखंड व अंचल कार्यालयों में जनता दरबार, सैकड़ों मामलों का त्वरित निस्तारण
रांची जिला प्रशासन द्वारा आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर हर मंगलवार प्रखंड एवं अंचल कार्यालयों में नियमित रूप से जनता दरबार का आयोजन किया जा रहा है। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर संचालित इस पहल का उद्देश्य प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना तथा शिकायतों का पारदर्शी एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!जनता दरबार के माध्यम से विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों की भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, जाति, आय, आवासीय व स्थानीय प्रमाण-पत्र, पेंशन, मनरेगा, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं एवं अन्य प्रशासनिक मामलों से जुड़ी शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। इनमें से अधिकांश मामलों का निष्पादन मौके पर ही किया गया, जबकि जटिल मामलों को संबंधित विभागों को अग्रसारित किया गया है।
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने सभी अंचल अधिकारियों एवं प्रखंड विकास पदाधिकारियों को जनता दरबार के दौरान अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का निर्देश दिया है, ताकि नागरिकों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
विभिन्न अंचलों में निष्पादित आवेदनों की स्थिति
नगड़ी अंचल: 160 आवेदन
चान्हो अंचल: 136 आवेदन
अनगड़ा अंचल: 106 आवेदन
बेड़ो अंचल: 80 आवेदन
बुढ़मू अंचल: 60 आवेदन
राहे अंचल: 58 आवेदन
सिल्ली अंचल: 42 आवेदन
खलारी अंचल: 28 आवेदन
इनमें जाति, आय, आवासीय प्रमाण-पत्र, दाखिल-खारिज, पंजी-II सुधार, पारिवारिक सदस्यता, तत्काल सेवा एवं अन्य राजस्व मामलों का निस्तारण शामिल है।
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि “जनता दरबार प्रशासन और जनता के बीच विश्वास का सशक्त माध्यम है। हमारा प्रयास है कि कोई भी नागरिक अनावश्यक रूप से परेशान न हो। लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी समस्याओं के समाधान हेतु प्रत्येक मंगलवार को निकटतम प्रखंड अथवा अंचल कार्यालय में आयोजित जनता दरबार में उपस्थित होकर इसका लाभ उठाएं।

















