उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के जनता दरबार में फरियादियों को मिला त्वरित समाधान
रांची : उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री के जनता दरबार में आज एक बार फिर बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याओं के समाधान के लिए पहुंचे। इस दौरान प्रशासन की संवेदनशीलता और त्वरित निर्णय क्षमता का स्पष्ट उदाहरण देखने को मिला।
दिव्यांग बच्चे को मिली ट्राइसाइकिल, शांति देवी को राहत
शांति देवी के लिए आज का दिन विशेष रहा। अपने 100% दिव्यांग बच्चे के साथ जनता दरबार पहुंची शांति देवी को उपायुक्त कार्यालय में प्रवेश से पहले ही उनके बच्चे के लिए ट्राइसाइकिल उपलब्ध करा दी गई। उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने तत्काल ट्राइसाइकिल की व्यवस्था के निर्देश दिए थे। शांति देवी ने भावुक होकर बताया कि उनके पति दिहाड़ी मजदूर हैं और बरसात के कारण काम नहीं मिल रहा। साथ ही, उन्हें किसी सरकारी योजना का लाभ भी नहीं मिला है। उपायुक्त ने उनके बच्चे के लिए दिव्यांग पेंशन और मंईयां सम्मान योजना के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए।
भूमि विवाद से लेकर सामाजिक सुरक्षा योजनाओं तक त्वरित कार्रवाई
जनता दरबार में फरियादियों ने भूमि विवाद, सामाजिक सुरक्षा योजनाएं, पेंशन, राशन, शिक्षा और अन्य समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। भूमि विवाद के मामलों में उन्होंने अंचलाधिकारियों से फोन पर स्थिति की जानकारी ली और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करने का आदेश दिया।
नामकुम अंचल के लापरवाह कर्मचारी पर कार्रवाई का आदेश
नामकुम अंचल की संगीता देवी ने दाखिल-खारिज से संबंधित अपनी शिकायत रखी। उपायुक्त ने तत्काल नामकुम सीओ से बात की, जिन्होंने कर्मचारी की लापरवाही की पुष्टि की। मंजूनाथ भजन्त्री ने संबंधित कर्मचारी के खिलाफ नियमसंगत कार्रवाई का आदेश दिया।
सामाजिक सुरक्षा और राशन से जुड़ी शिकायतों पर विशेष ध्यान
पेंशन और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लंबित मामलों पर उपायुक्त ने सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा और जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एक युवक, जिसने रेल हादसे में दोनों पैर गंवा दिए थे, ने राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा कानून के तहत पीला कार्ड बनाने की मांग की। उपायुक्त ने जिला आपूर्ति पदाधिकारी को तत्काल ऑनलाइन आवेदन कराने का निर्देश दिया। राशन और खाद्य आपूर्ति से जुड़ी अन्य शिकायतों पर भी त्वरित कार्रवाई के आदेश दिए गए।
जनता दरबार: जनता और प्रशासन के बीच सेतु
उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा, “जनता दरबार आम नागरिकों को प्रशासन से सीधे जुड़ने का सशक्त माध्यम है। यहां हर व्यक्ति को अपनी समस्या रखने का अवसर मिलता है, और उसका समाधान पारदर्शी और समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित किया जाता है।”
आज के जनता दरबार में बड़ी संख्या में महिलाएं और वृद्ध नागरिक भी शामिल हुए। उपायुक्त ने सभी आवेदनों को गंभीरता से सुनते हुए लोगों को भरोसा दिलाया कि प्रत्येक मामले का निष्पादन प्राथमिकता के साथ निर्धारित समयसीमा में किया जाएगा।


















