जमशेदपुर में वृद्ध का शव मिलने से सनसनी, मुंह दबाकर हत्या की आशंका; महिला पर परिजनों ने लगाया आरोप
कदमा के कपाली रोड स्थित आउट हाउस परिसर में मिला शव, बिष्टुपुर बेलडीह ग्राम बस्ती के रहने वाले थे 62 वर्षीय सुनाधार नाग; लावारिस हालत में मिली साइकिल
जमशेदपुर। शहर के कदमा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक वृद्ध का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बिष्टुपुर के बेलडीह ग्राम बस्ती निवासी 62 वर्षीय सुनाधार नाग के रूप में हुई है। उनका शव कपाली रोड स्थित एक क्वार्टर के आउट हाउस परिसर में पाया गया। प्रारंभिक जांच में मुंह दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। वहीं, मृतक के परिजनों ने एक महिला पर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। सूचना मिलने के बाद कदमा थाना प्रभारी दिलीप यादव भी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस को घटनास्थल से कुछ दूरी पर कपाली रोड के पास मृतक की साइकिल लावारिस हालत में मिली।

सोमवार दोपहर घर से निकले थे सुनाधार नाग
मृतक के बेटे विशाल के अनुसार, उनके पिता सोमवार दोपहर करीब एक बजे घर से निकले थे। इसके बाद वे वापस नहीं लौटे। मंगलवार सुबह उनके शव मिलने की सूचना पर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। बेटे ने बताया कि उनके पिता कोई काम नहीं करते थे और अक्सर कपाली रोड स्थित एक क्वार्टर के आउट हाउस में रहने वाली दीपा राज के घर आया-जाया करते थे।

महिला पर हत्या का आरोप
परिजनों ने दीपा राज पर सुनाधार नाग की हत्या में संलिप्त होने का आरोप लगाया है। बेटे विशाल ने बताया कि उनके पिता और उक्त महिला के बीच कथित तौर पर अवैध संबंध थे। इसी कारण परिवार की ओर से महिला पर संदेह जताया जा रहा है। हालांकि, इन आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। बताया गया कि सुनाधार नाग की चार पत्नियां थीं, जिनमें से तीन की पहले ही मौत हो चुकी है।
पुलिस सभी पहलुओं पर कर रही जांच
प्रारंभिक जांच में वृद्ध की मौत को संदिग्ध मानते हुए मुंह दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस घटनास्थल की परिस्थितियों और परिजनों के आरोपों को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वृद्ध की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे वास्तविक वजह क्या है। पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।

शादी के बाद पढ़ाई या नौकरी करना पत्नी का अधिकार, पति का एहसान नहीं; झारखंड हाईकोर्ट ने पलटा फैमिली कोर्ट का फैसला, महिला को दिया तलाक
जमशेदपुर में 2004 में हुई थी शादी, पति पर दहेज मांगने और शारीरिक-मानसिक प्रताड़ना का आरोप; हाईकोर्ट ने कहा- पत्नी को करियर…

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सागुन सोहराय से लेकर बांधना पर्व तक की दी शुभकामनाएं, प्रकृति और लोक-संस्कृति के संरक्षण का दिया संदेश
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्यवासियों को सागुन सोहराय, गोहाल पूजा, गोवर्धन पूजा, बर्दखुटा और बांधना पर्व की हार्दिक बधाई एवं…


















