Exclusive: जेपीएससी (JPSC) घोटाले में नया खुलासा; इंटरव्यू बोर्ड में भी थी ‘फिक्सिंग’, अध्यक्ष ने गिरफ्तारी से पहले डिलीट कर दिया था आईफोन का पूरा डेटा
राँची: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) परीक्षाओं में हुई धांधली और भ्रष्टाचार के मामले में सीआईडी (CID) द्वारा दाखिल की गई चार्जशीट से एक के बाद एक कई चौंकाने वाले राज बाहर आ रहे हैं। इस बहुचर्चित घोटाले की जाँच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, यह साफ होता जा रहा है कि गड़बड़ी केवल प्रारंभिक या मुख्य परीक्षा तक सीमित नहीं थी, बल्कि चयन प्रक्रिया के अंतिम और सबसे संवेदनशील चरण यानी साक्षात्कार (Interview) बोर्ड तक में गहरी सेंधमारी की गई थी। जांच एजेंसी की चार्जशीट के अनुसार, इस पूरे सिंडिकेट का दायरा इतना व्यापक था कि आयोग के शीर्ष पदों पर बैठे लोग भी इसके साझीदार बन चुके थे।

मनचाहे इंटरव्यू बोर्ड की होती थी सेटिंग
सीआईडी की चार्जशीट के दस्तावेजों से पता चलता है कि जेपीएससी की परीक्षाओं में केवल ओएमआर (OMR) शीट या कॉपियों से ही खिलवाड़ नहीं किया गया, बल्कि इंटरव्यू के दौरान भी ‘सेटिंग’ वाले अभ्यर्थियों को भारी लाभ पहुँचाया गया। जाँच के दौरान तत्कालीन अध्यक्ष के पास से 11वीं से 13वीं जेपीएससी परीक्षा के तहत चयनित 15 ऐसे अभ्यर्थियों की एक संदिग्ध सूची बरामद हुई है, जो सीधे तौर पर संदेह के घेरे में हैं। सबसे बड़ा विरोधाभास यह है कि इस सूची में जिन दागी और संदिग्ध अभ्यर्थियों के नाम दर्ज थे, उनका साक्षात्कार (Interview) किसी और बोर्ड में नहीं, बल्कि तत्कालीन अध्यक्ष (L. Khiangte) की अपनी अध्यक्षता वाले बोर्ड में ही संपन्न हुआ था। इससे यह स्पष्ट होता है कि गिरोह ने सुनियोजित तरीके से यह सुनिश्चित किया था कि उनके द्वारा ‘सेट’ किए गए अभ्यर्थियों को उनके मन मुताबिक और अनुकूल इंटरव्यू बोर्ड का आवंटन कराया जाए, ताकि वे आसानी से अनुचित लाभ पाकर अंतिम रूप से सफल हो सकें।

शक के घेरे में आते ही अध्यक्ष ने साफ़ किए डिजिटल सबूत
जैसे ही राज्य में इस पेपर लीक और सेटिंग सिंडिकेट की भनक लगी और कानून का शिकंजा कसना शुरू हुआ, आयोग के भीतर खलबली मच गई। चार्जशीट के खुलासे के अनुसार मामले में प्राथमिकी (FIR) दर्ज होने वाले दिन ही तत्कालीन अध्यक्ष ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।, जाँच एजेंसियों से अपनी संलिप्तता और डिजिटल चैट छिपाने के लिए उन्होंने फौरन अपने आईफोन (iPhone) को पूरी तरह फॉर्मेट कर दिया और अपने लैपटॉप का सारा डेटा डिलीट कर उसे मरम्मत (रिपेयरिंग) के लिए दे दिया था।, हालांकि, सीआईडी और तकनीकी टीम ने अपनी उन्नत साइबर फॉरेसिंक क्षमताओं के बल पर इन डिजिटल साक्ष्यों और कड़ियों को जोड़ना शुरू कर दिया है, जिससे इस हाई-प्रोफाइल सिंडिकेट के तमाम काले कारनामे अब न्यायालय के सामने बेनकाब हो रहे हैं।
जमशेदपुर में वृद्ध का शव मिलने से सनसनी, मुंह दबाकर हत्या की आशंका; महिला पर परिजनों ने लगाया आरोप
कदमा के कपाली रोड स्थित आउट हाउस परिसर में मिला शव, बिष्टुपुर बेलडीह ग्राम बस्ती के रहने वाले थे 62 वर्षीय सुनाधार…

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सागुन सोहराय से लेकर बांधना पर्व तक की दी शुभकामनाएं, प्रकृति और लोक-संस्कृति के संरक्षण का दिया संदेश
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्यवासियों को सागुन सोहराय, गोहाल पूजा, गोवर्धन पूजा, बर्दखुटा और बांधना पर्व की हार्दिक बधाई एवं…

















