दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव: एबीवीपी की जीत को बाबूलाल मरांडी ने बताया राष्ट्रवाद का विजय

रांची: दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की शानदार जीत पर झारखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने इसे राष्ट्रीय विचारधारा की जीत करार दिया है। उन्होंने विजयी छात्र नेताओं को बधाई देते हुए कहा कि यह परिणाम देश की युवा शक्ति के राष्ट्रवादी विचारों के साथ मजबूती से खड़े होने का प्रमाण है।

बाबूलाल मरांडी ने अपने बयान में कहा कि दिल्ली विश्वविद्यालय के चार प्रमुख पदों में से तीन पदों, जिसमें अध्यक्ष पद भी शामिल है, पर एबीवीपी की जीत से यह स्पष्ट होता है कि युवा वर्ग राष्ट्रवादी विचारधारा को अपनाने और उसे आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, “एबीवीपी एकमात्र ऐसा छात्र संगठन है जो ‘ज्ञान, शील, एकता’ के मूल मंत्र को अपनाते हुए राष्ट्रीय विचारों को बढ़ावा देता है और शिक्षा जगत में सुधार के साथ-साथ भारतीयता को प्रोत्साहित करता है।”

उन्होंने आगे कहा कि एबीवीपी की वर्ष भर की सांगठनिक गतिविधियों और कार्यक्रमों ने छात्र शक्ति को राष्ट्र शक्ति में बदल दिया है। श्री मरांडी ने एबीवीपी के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को भी इस उपलब्धि के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं।


















