झामुमो ने भाजपा पर साधा निशाना: हेमंत सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेगी
रांची : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के महासचिव विनोद पांडेय ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी द्वारा जेएसएससी-सीजीएल परीक्षा को लेकर हेमंत सोरेन सरकार पर लगाए गए आरोपों को खारिज करते हुए इसे “सस्ता राजनीतिक हथकंडा” करार दिया। पांडेय ने कहा कि भाजपा को हर मुद्दे में साजिश नजर आती है, क्योंकि जनता ने उन्हें बार-बार नकार दिया है। उन्होंने मरांडी पर झूठ बोलकर युवाओं की भावनाओं से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया।

विनोद पांडेय ने स्पष्ट किया कि हेमंत सोरेन सरकार ने सीजीएल परीक्षा प्रकरण में पारदर्शिता के लिए पहले दिन से सख्त कदम उठाए हैं। जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है और मामला कोर्ट में होने के कारण सरकार न्यायालय के आदेशों का पालन कर रही है। उन्होंने भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा कि उनकी सरकारों में प्रतियोगी परीक्षाओं में घोटाले हुए, लेकिन तब भाजपा नेता चुप्पी साधे रहे।

विनोद पांडेय ने हेमंत सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि हाल ही में जेपीएससी की अंतिम परीक्षा के परिणामों में गरीबी रेखा से नीचे के परिवारों के अभ्यर्थियों का चयन हुआ, जिसकी हर तरफ सराहना हो रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर बाबूलाल मरांडी को युवाओं की इतनी चिंता है, तो उनकी सरकारों में हुए परीक्षा घोटालों के दौरान वे कहां थे?

उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार ने नकल रोकने के लिए सख्त कानून बनाया, जिसका भाजपा ने सदन में विरोध किया था। पांडेय ने आरोप लगाया कि एक खास राजनीतिक दल के लोग अपने फायदे के लिए परीक्षा प्रक्रिया को बाधित करने की कोशिश करते हैं और कोर्ट का सहारा लेते हैं।

विनोद पांडेय ने भाजपा नेताओं से अपील की कि वे जांच एजेंसियों और अदालत को अपना काम करने दें और भ्रामक बयानबाजी से बचें। उन्होंने चेतावनी दी कि हेमंत सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेगी, लेकिन झूठे आरोपों से सरकार को बदनाम करने की साजिश भी कामयाब नहीं होगी।


















