रौतिया समाज को CNT एक्ट की अनुसूची में शामिल करने की मांग, भू-राजस्व मंत्री को सौंपा ज्ञापन
सिमडेगा : अखिल भारतीय रौतिया समाज विकास परिषद के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष रोहित कुमार सिंह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने आज झारखंड सरकार के भू-राजस्व एवं निबंधन मंत्री से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान रौतिया जाति को छोटानागपुर काश्तकारी अधिनियम (CNT एक्ट) की अनुसूची में शामिल करने की पुरजोर मांग उठाई गई।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!रोहित कुमार सिंह ने मंत्री को एक विस्तृत मांग-पत्र सौंपते हुए कहा कि रौतिया समाज आदिवासी मूल का है और सदियों से झारखंड की भूमि व संस्कृति से जुड़ा रहा है। CNT एक्ट में इसे शामिल करने से समाज को भूमि अधिकारों की बेहतर सुरक्षा मिलेगी तथा सामाजिक-आर्थिक उन्नति को बल मिलेगा। इसके अलावा समाज के अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी मंत्री के साथ विस्तृत चर्चा की गई।
इस अवसर पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सिमडेगा जिला अध्यक्ष दिनेश प्रसाद भी उपस्थित रहे। उन्होंने मंत्री का ध्यान जिले में लंबित भूमि विवादों के त्वरित निपटारे, राजस्व रिकॉर्ड दुरुस्ती तथा विभिन्न विकास योजनाओं को गति देने की ओर आकर्षित किया।
मांग-पत्र ग्रहण करते हुए भू-राजस्व मंत्री ने आश्वासन दिया कि रौतिया समाज की मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और विभागीय स्तर पर सभी बिंदुओं की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सिमडेगा जिले की जनसमस्याओं के समाधान के लिए भी सकारात्मक कदम उठाए जाएंगे।
प्रतिनिधिमंडल में परिषद के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी शामिल थे। समाज के लोगों ने इस मुलाकात को सकारात्मक कदम बताते हुए उम्मीद जताई है कि शीघ्र ही उनकी मांग पूरी होगी।

















