divers-be-deployed-chhath-ghats-barricading

छठ घाटों पर तैनात होंगे गोताखोर, बांस से होगी बैरिकेडिंग, सुरक्षा को लेकर रांची डीसी ने दिए निर्देश

Share
Link copied
divers-be-deployed-chhath-ghats-barricading
divers-be-deployed-chhath-ghats-barricading

रांची: दीपावली, काली पूजा और छठ महापर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में उच्चस्तरीय बैठक हुई। जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विधि-व्यवस्था, यातायात, साफ-सफाई, विद्युत सुरक्षा और विसर्जन व्यवस्था की समीक्षा की गई। डीसी ने छठ महापर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।

डीसी ने नगर निगम को सभी तालाबों और छठ घाटों का पूर्व निरीक्षण कर साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, सुरक्षित पहुंच मार्ग और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। छठ घाटों पर एनडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की तैनाती करने के साथ तालाबों में बांस से बैरिकेडिंग कराने को कहा गया, ताकि छठव्रती सुरक्षित क्षेत्र में अर्घ्य दे सकें। घाटों पर तैराकी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। उन्होंने छठ महापर्व से पहले घाटों तक पहुंचने वाली सड़कों की मरम्मत और सफाई कराने का भी निर्देश दिया। जरूरत के अनुसार क्रेन की व्यवस्था करने को कहा गया, ताकि किसी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।

दीपावली और काली पूजा के मद्देनजर अधिकारियों को यातायात व्यवस्था सुचारु रखने तथा प्रतिबंधित और असुरक्षित पटाखों की बिक्री एवं उपयोग पर निगरानी रखने का निर्देश दिया गया। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच करने और रात 10 बजे के बाद ध्वनि प्रदूषण रोकने पर भी विशेष जोर दिया गया।

डीसी ने पूजा समितियों को अधिक से अधिक युवाओं को आयोजन से जोड़ने और व्हाट्सऐप समूहों के माध्यम से प्रशासन के साथ सूचनाओं का समय पर आदान-प्रदान करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्युत सुरक्षा में लापरवाही, असुरक्षित पंडाल निर्माण, सुरक्षा मानकों की अनदेखी और विसर्जन नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में नगर पुलिस अधीक्षक पारस राणा, ग्रामीण पुलिस अधीक्षक गौरव गोस्वामी, यातायात पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह, सदर अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत, प्रशिक्षु आईएएस आस्था शरण, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) धनंजय समेत बिजली विभाग, नगर निगम, अग्निशमन और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। डीसी ने सभी पूजा समितियों, प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ पर्व-त्योहारों को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने की अपील की।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।