five-killed-several-injured-jharkhand-road

झारखंड में सड़क हादसों में पांच लोगों की मौत, कई घायल

Share
Link copied

साहिबगंज, सरायकेला और बोकारो में हुए हादसे; तेज रफ्तार हाइवा ने टोटो को मारी टक्कर, जर्जर सड़क पर गिरकर छात्र की गई जान

साहिबगंज/सरायकेला/बोकारो। झारखंड में गुरुवार रात हुए अलग-अलग सड़क हादसों में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। साहिबगंज के बरहड़वा में तेज रफ्तार हाइवा की टक्कर से टोटो सवार तीन लोगों की जान चली गई। सरायकेला में जर्जर सड़क पर बने गड्ढे के कारण स्कूटी सवार दसवीं के छात्र की मौत हो गई। वहीं, बोकारो में सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से टेंपो टकरा गया, जिससे एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

साहिबगंज में टोटो को हाइवा ने मारी टक्कर, तीन की मौत

साहिबगंज। बरहड़वा-बरहेट मुख्य मार्ग पर केशरो मोड़ के पास गुरुवार रात भीषण सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार हाइवा ने सामने से आ रहे टोटो को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, टोटो पर सवार लोग रांगा हटिया से फल और सब्जियां बेचकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान केशरो मोड़ के पास सामने से आ रहे हाइवा ने टोटो को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टोटो सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में मरने वालों में दो लोग बरहड़वा के मुगलपाड़ा और एक पतना चौक के निवासी बताए गए हैं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद हाइवा चालक मौके से फरार हो गया।

जर्जर सड़क पर गड्ढे ने ली दसवीं के छात्र की जान

सरायकेला। सरायकेला थाना क्षेत्र के राजनगर बाइपास मोड़ पर गुरुवार रात सड़क हादसे में दसवीं के छात्र सागर हेम्ब्रम की मौत हो गई। बताया गया कि जर्जर सड़क पर बने गहरे गड्ढे के कारण स्कूटी सवार सागर का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर पड़ा। इसी दौरान वहां से गुजर रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में छात्र की मौके पर ही मौत हो गई।घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। हादसे ने सड़क की बदहाली और यातायात सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय स्तर पर सड़क की मरम्मत और वाहनों की गति पर नियंत्रण की जरूरत एक बार फिर सामने आई है।

बोकारो में खड़े ट्रेलर से टकराया टेंपो, एक की मौत

बोकारो। पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र के काशीझरिया काजू वन के पास गुरुवार रात एनएच-32 पर एक दर्दनाक हादसा हुआ। सड़क किनारे खड़े खाली ट्रेलर में एक अनियंत्रित टेंपो ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो सवार मृत्युंजय महतो की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

ABOUT THE AUTHOR
अश्वनी पाठक

अश्वनी पाठक

रिपोर्टर

अश्वनी पाठक जमशेदपुर निवासी हैं और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने न्यूज मीडिया किरण के माध्यम से पत्रकारिता की शुरुआत की। वाणिज्य में ऑनर्स (बी.कॉम) की शिक्षा पूरी करने के बाद वर्तमान में एलएलबी की पढ़ाई कर रहे हैं। पत्रकारिता के साथ-साथ वे कानून की शिक्षा भी प्राप्त कर रहे हैं।