Halt for Manoharpur-Ernakulam Express begins.

मनोहरपुर को रेल कनेक्टिविटी की बड़ी सौगात, एर्नाकुलम एक्सप्रेस का ठहराव शुरू

Share
Link copied

मनोहरपुर। मनोहरपुर और आसपास के रेल यात्रियों को शनिवार को बड़ी सौगात मिली। लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने के बाद टाटानगर–एर्नाकुलम एक्सप्रेस का मनोहरपुर रेलवे स्टेशन पर ठहराव शुरू हो गया। ट्रेन के पहली बार स्टेशन पर रुकने को लेकर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। लोगों ने ढोल-नगाड़ों और गाजे-बाजे के साथ ट्रेन का भव्य स्वागत किया।

ट्रेन के मनोहरपुर पहुंचने पर सांसद जोबा माझी, विधायक जगत माझी, राज्यसभा सांसद प्रदीप वर्मा के प्रतिनिधि जेबी तुबिद, चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम तरुण हुरिया समेत जनप्रतिनिधियों और रेल अधिकारियों ने ट्रेन का स्वागत किया। इसके बाद सांसद, विधायक और अन्य अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया।

लंबे समय से की जा रही थी ठहराव की मांग

स्टेशन परिसर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद जोबा माझी ने कहा कि मनोहरपुर में एर्नाकुलम एक्सप्रेस का ठहराव क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग का परिणाम है। उन्होंने इसे मनोहरपुर और आसपास के क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक दिन बताया।

उन्होंने कहा कि सिंहभूम संसदीय क्षेत्र के जिन इलाकों में रेल सुविधाओं की जरूरत है, वहां सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।

RKDF
advertisement

रेल ओवरब्रिज की मांग भी उठी

सांसद ने मनोहरपुर रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि रेलवे फाटक पर रोजाना लगने वाले जाम से लोगों को काफी परेशानी होती है। इससे निजात के लिए यहां रेल ओवरब्रिज (ROB) का निर्माण जरूरी है। इसके लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

सारंडा सवारी गाड़ी नियमित चलाने की मांग

विधायक जगत माझी ने कहा कि कोविड से पहले मनोहरपुर क्षेत्र में रेल परिचालन और यात्री सुविधाओं की जो स्थिति थी, उसे वापस लाने के लिए संघर्ष जारी रहेगा।

उन्होंने रेल अधिकारियों से मनोहरपुर क्षेत्र की लाइफलाइन मानी जाने वाली सारंडा सवारी गाड़ी का नियमित परिचालन सुनिश्चित करने की मांग की। विधायक ने कहा कि बीच-बीच में सारंडा सवारी गाड़ी का परिचालन बंद कर दिया जाना गरीब और मध्यम वर्ग के यात्रियों के साथ अन्याय है।

उन्होंने क्षेत्र में रेल सुविधाओं के और विस्तार की भी मांग रखी।

Kashmir vastaralay
Advertisment

आने वाले दिनों में और ट्रेनों के ठहराव की उम्मीद

भाजपा नेता जेबी तुबिद ने कहा कि प्रधानमंत्री और रेल मंत्री के नेतृत्व में भारतीय रेल लगातार विकास की दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले दिनों में मनोहरपुर क्षेत्र को अन्य एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की सुविधा भी मिल सकती है।

ढोल-नगाड़ों के साथ हुआ ट्रेन का स्वागत

एर्नाकुलम एक्सप्रेस के मनोहरपुर स्टेशन पहुंचते ही लोगों ने ढोल-नगाड़ों और गाजे-बाजे के साथ ट्रेन का स्वागत किया। स्थानीय लोगों ने ट्रेन के ठहराव को क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए सांसद, विधायक और रेल प्रशासन के प्रति आभार जताया।

कार्यक्रम में सीनियर डीसीएम आदित्य चौधरी, पूर्व विधायक गुरुचरण नायक, बड़कुंवर गागराई, जिला परिषद उपाध्यक्ष रंजीत यादव, बीडीओ शक्ति कुंज, सीओ प्रदीप कुमार, डीएसपी डेविड ए. दोदराय, थाना प्रभारी अमिएल एक्का, बंधना उरांव, अशोक बांदा, विजय सिंह गागराई समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, रेल अधिकारी और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।