किसानों के समर्थन में और जनविरोधी कृषि कानूनों के खिलाफ धरना.
पलामू, अरुनिष सिंह.
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!पलामू : केंद्र सरकार द्वारा लाये गए किसान व जनविरोधी कृषि कानून के खिलाफ पूरे देश मे उबाल है। तीनों कानून को रद्द करने की मांग को लेकर दिल्ली में किसान डेरा जमाए हुए है। आंदोलनरत किसानों को पूरे देश से समर्थन मिल रहा है। पलामू में भी विभिन्न सामाजिक राजनीतिक व लोकतांत्रिक संगठन किसान आंदोलन के समर्थन उतर गए हैं और सरकार से तीनों कृषि कानून को रद्द करने की मांग की है। इसे लेकर वाम लोकतांत्रिक मोर्चा के बैनर तले सोमवार को किसानों के समर्थन में और जनविरोधी कृषि कानूनों के खिलाफ छहमुहान पर सर्वदलीय धरना का कार्यक्रम तय किया गया है।
यह धरना 12 बजे से 4 बजे तक चलेगा। रविवार को जेलहाता स्थित भाकपा माले के जिला कार्यालय में आयोजित सर्वदलीय बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक की अध्यक्षता इप्टा के राष्ट्रीय सचिव शैलेन्द्र कुमार ने की। धरना के माध्यम से तीनों कृषि कानून को रद्द करने के साथ झारखंड सरकार से धान क्रय केंद्र शीघ्र खोलने की मांग की जाएगी। बैठक के दौरान किसानों के सवाल और जनमुद्दों को लेकर सभी से एकजुटता की अपील की गई। निर्णय लिया गया कि शीघ्र ही वाम लोकतांत्रिक मोर्चा गांव चलो अभियान भी शुरू करेगा।
बैठक में इप्टा के शैलेन्द्र कुमार, उपेंद्र मिश्रा, भाकपा नेता सूर्यपत सिंह, सुरेश ठाकुर, भाकपा माले के जिला सचिव आरएन सिंह, रविंद्र भुइंया, मनीष विश्वकर्मा, अनीता देवी, अभिजीत करम, मनीष विश्वकर्मा, राजद के जिला अध्यक्ष प्रमोद यादव, रामनाथ चंद्रवंशी, फूलन देवी विचार मंच के शत्रुघ्न कुमार शत्रु, भाकपा माले रेड स्टार के सचिव वशिष्ठ तिवारी, सामाजिक न्याय मोर्चा के रामदेव यादव, यूथ फेडरेशन से आलोक तिवारी, दिहाड़ी मजदूर यूनियन के राजीव कुमार, गौतम कुमार आदि उपस्थित थे।
















