भारत ने श्रीलंका को 5-0 से हराकर 2025 का किया शानदार अंत, हरमनप्रीत की कप्तानी पारी और दीप्ति का विश्व रिकॉर्ड
तिरुवनंतपुरम : भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने साल 2025 का अंत जीत के साथ किया। पांच मैचों की टी20 सीरीज के आखिरी मुकाबले में भारत ने श्रीलंका को 15 रनों से हराकर सीरीज 5-0 से अपने नाम कर ली। ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए इस मैच में कप्तान हरमनप्रीत कौर की शानदार पारी और दीप्ति शर्मा के ऐतिहासिक प्रदर्शन ने टीम को क्लीन स्वीप दिलाया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही। टॉप ऑर्डर जल्दी आउट हो गया और टीम एक समय 11 ओवर में 77/5 पर संघर्ष कर रही थी। यहां से कप्तान हरमनप्रीत कौर ने मोर्चा संभाला और 43 गेंदों में 68 रनों की कप्तानी पारी खेली, जिसमें 9 चौके और 1 छक्का शामिल था। उनके साथ अमनजोत कौर (21) और अरुंधति रेड्डी (27 रन, 11 गेंद) ने उपयोगी पारियां खेलीं, जिससे भारत 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 175 रन बना सका। श्रीलंका की ओर से कविशा दिलहारी और चमारी अटापट्टू ने 2-2 विकेट लिए।
जवाब में श्रीलंका ने हसीनी पेरेरा (65) और इमेशा दुलानी (50) की पारियों की बदौलत मजबूत शुरुआत की, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने बीच के ओवरों में शानदार वापसी की। सभी छह गेंदबाजों – दीप्ति शर्मा, अरुंधति रेड्डी, स्नेह राणा, वैष्णवी शर्मा, श्री चरणी और अमनजोत कौर – ने एक-एक विकेट लिया। खास तौर पर दीप्ति शर्मा ने निलक्षिका सिल्वा को आउट कर महिला टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा विकेट लेने का विश्व रिकॉर्ड अपने नाम किया। दीप्ति ने अब 152 विकेट ले लिए हैं, जो ऑस्ट्रेलिया की मेगन शुट (151) से आगे है। श्रीलंका की टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 160 रन ही बना सकी।
मैच के बाद हरमनप्रीत कौर ने कहा कि 2025 टीम के लिए शानदार साल रहा और खिलाड़ियों की मेहनत अब रंग ला रही है। यह क्लीन स्वीप भारतीय टीम की मजबूती का प्रमाण है, जो अब 2026 टी20 विश्व कप की तैयारी में जुटी हुई है।

















