20251231 103654

अयोध्या: रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ पर भव्य ‘प्रतिष्ठा द्वादशी’ महोत्सव, राजनाथ सिंह और योगी आदित्यनाथ होंगे शामिल

अयोध्या : रामनगरी अयोध्या आज भक्ति और उल्लास से सराबोर है। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर ‘प्रतिष्ठा द्वादशी’ महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। यह उत्सव पौष शुक्ल द्वादशी तिथि के अनुसार मनाया जा रहा है, जो इस वर्ष 31 दिसंबर को पड़ रही है। मंदिर परिसर में विशेष धार्मिक अनुष्ठान, रामलला का महाभिषेक और अन्य वैदिक कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या पहुंच रहे हैं। दोनों नेता सुबह करीब 11 बजे राम जन्मभूमि मंदिर परिसर में पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रक्षा मंत्री का स्वागत करेंगे। इसके बाद राजनाथ सिंह रामलला के दर्शन करेंगे, विधिवत पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेंगे।

इसके अलावा, मां अन्नपूर्णा मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण किया जाएगा, जिसमें दोनों नेता शामिल होंगे। कार्यक्रम के अंत में राम मंदिर के निकास द्वार (अंगद टीला) पर राजनाथ सिंह और सीएम योगी जनता को संबोधित करेंगे।

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अनुसार, अनुष्ठान सोमवार से शुरू हो चुके हैं और मुख्य उत्सव आज है। अपार श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं तथा वीआईपी पास पर रोक लगा दी गई है। अनुमान है कि आज 5 से 6 लाख भक्त अयोध्या पहुंचेंगे।

गौरतलब है कि रामलला की प्राण प्रतिष्ठा 22 जनवरी 2024 को पौष शुक्ल द्वादशी तिथि को हुई थी। ट्रस्ट ने निर्णय लिया है कि वर्षगांठ इसी तिथि के अनुसार मनाई जाएगी, इसलिए इस बार यह 31 दिसंबर को आयोजित की जा रही है।

Share via
Send this to a friend