सड़क सुरक्षा बैठक के कुछ घंटे बाद हादसा, बाइक सवार युवक की मौत, दूसरा युवक घायल

पलामू जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को लेकर मंगलवार को उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। बैठक में दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए दुर्घटना संभावित स्थलों की मैपिंग, ब्लैक स्पॉट पर सुरक्षा व्यवस्था और विशेष कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। इसी बैठक के कुछ घंटे बाद मंगलवार शाम मेदिनीनगर-पांकी मुख्य सड़क पर हरसैन मोड़ के पास बाइक दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार, दोनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। हरसैन मोड़ के पास बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में चंदन दीक्षित (23), पिता कुलेश्वर दीक्षित, निवासी हरभोंगा, चैनपुर की मौत हो गई। वहीं बाइक सवार नीतीश कुमार तिवारी (22), पिता स्व. धर्मवीर तिवारी, निवासी राजोगाड़ी, लेस्लीगंज घायल हो गया।

दुर्घटना के बाद दोनों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने चंदन दीक्षित को मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) भेजा गया। घायल नीतीश का इलाज जारी है। पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में अगस्त महीने में हुई सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों के अनुसार, अगस्त में जिले में 20 सड़क दुर्घटनाओं में 12 लोगों की मौत हुई, जबकि नौ लोग गंभीर रूप से घायल हुए। उपायुक्त ने दुर्घटनाओं में लोगों की मौत को बेहद दुखद बताते हुए दुर्घटना संभावित स्थानों पर ठोस सुरक्षा उपाय करने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ब्लैक स्पॉट और दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान कर वहां सड़क चौड़ीकरण, साइन बोर्ड, रंबल स्ट्रिप, रिफ्लेक्टर, कन्वेक्स मिरर और बैरिकेडिंग जैसे उपाय सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में जनवरी से अगस्त तक जिले में हुई सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़े भी सामने रखे गए। इस अवधि में कुल 239 सड़क दुर्घटनाओं में 172 लोगों की मौत हुई, जबकि 155 लोग गंभीर रूप से घायल हुए। लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बीच सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन की बैठक के कुछ ही घंटे बाद हुई हरसैन मोड़ की घटना ने सड़क सुरक्षा उपायों की जरूरत को एक बार फिर रेखांकित किया है।
17 सितंबर को आशीर्वाद के दीयों से जगमगाएगा झारखंड : आदित्य साहू
रांची: भाजपा प्रदेश कार्यालय में मंगलवार को प्रदेश पदाधिकारियों की मासिक बैठक प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में हुई। बैठक में…
हेहल ग्राउंड के पास वारदात की तैयारी कर रहे दो संदिग्ध गिरफ्तार, देसी पिस्टल व जिंदा गोली बरामद
रांची: सुखदेवनगर थाना पुलिस ने हेहल ग्राउंड के पास अपराध की योजना बना रहे दो संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस…














