रिम्स में एमबीबीएस के नए बैच के लिए ‘आरोहण-2026’ फाउंडेशन कोर्स शुरू

रांची: राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स), रांची में एमबीबीएस के नव-नामांकित विद्यार्थियों के लिए ‘आरोहण-2026’ फाउंडेशन कोर्स का मंगलवार को शुभारंभ हुआ। ओरिएंटेशन डे के दौरान नए विद्यार्थियों का संस्थान में स्वागत किया गया। उन्हें रिम्स की शैक्षणिक व्यवस्था, संस्थागत संस्कृति, चिकित्सा शिक्षा की अपेक्षाओं और एक जिम्मेदार चिकित्सक के रूप में उनकी भावी भूमिका से अवगत कराया गया। इस वर्ष रिम्स के एमबीबीएस पाठ्यक्रम में पहली बार 250 विद्यार्थियों का नामांकन हुआ है। इनमें राज्य कोटे के साथ केंद्रीय कोटे से प्रवेश लेने वाले विद्यार्थी भी शामिल हैं।

रिम्स निदेशक प्रो. डॉ. डी. के. सिंह ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि चिकित्सा शिक्षा सिर्फ पुस्तकीय ज्ञान हासिल करने तक सीमित नहीं है, बल्कि संवेदनशील, नैतिक और जिम्मेदार चिकित्सक तैयार करने की प्रक्रिया है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, निरंतर अध्ययन, मरीजों के प्रति सहानुभूति और टीम भावना को अपनी शिक्षा का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

डीन प्रो. डॉ. राजीव मिश्रा ने रिम्स की शैक्षणिक परंपराओं और अपेक्षाओं की जानकारी देते हुए नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन तथा शिक्षकों और सहपाठियों के साथ सकारात्मक संवाद पर जोर दिया। चिकित्सा अधीक्षक प्रो. डॉ. हिरेन्द्र बिरुआ ने अस्पताल की कार्यप्रणाली, मरीजों के प्रति चिकित्सकीय जिम्मेदारी और व्यावसायिक आचरण के महत्व की जानकारी दी।

वहीं, डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. राहुल प्रसाद ने विद्यार्थियों के समग्र व्यक्तित्व विकास, मानसिक एवं सामाजिक कल्याण, सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों और छात्र सहायता व्यवस्थाओं के बारे में बताया। एमईयू कोऑर्डिनेटर डॉ. मृत्युंजय मुंडू ने फाउंडेशन कोर्स की रूपरेखा और उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। ‘आरोहण-2026’ फाउंडेशन कोर्स 3 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। इस दौरान विद्यार्थियों को सॉफ्ट स्किल्स, संचार कौशल, टीमवर्क, नेतृत्व क्षमता, व्यावसायिक व्यवहार, नैतिक मूल्य, समय प्रबंधन और मरीजों के प्रति संवेदनशीलता जैसे विषयों से परिचित कराया जाएगा।

राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) के निर्धारित मानकों के अनुरूप फाउंडेशन कोर्स मेडिकल स्नातक शिक्षा का महत्वपूर्ण घटक है। इसका उद्देश्य नए विद्यार्थियों को मेडिकल शिक्षा के वातावरण और चिकित्सकीय दायित्वों के लिए तैयार करने के साथ उनके सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम में रिम्स के विभिन्न विभागों के शिक्षक, अधिकारी और संबंधित कर्मी मौजूद रहे।
17 सितंबर को आशीर्वाद के दीयों से जगमगाएगा झारखंड : आदित्य साहू
रांची: भाजपा प्रदेश कार्यालय में मंगलवार को प्रदेश पदाधिकारियों की मासिक बैठक प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में हुई। बैठक में…
कोलकाता : नंदीग्राम में भाजपा का बड़ा दांव, शुभेंदु अधिकारी के दिवंगत PA की मां को बनाया उम्मीदवार
कोलकाता। पश्चिम बंगाल की हाई प्रोफाइल नंदीग्राम विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर भाजपा ने बड़ा राजनीतिक दांव खेला है।…
















