बोकारो में प्रेमी जोड़े के शव मिलने से सनसनी, एक ही पेड़ पर पीली साड़ी के सहारे लटके मिले दोनों के शव
डुमरिया टांड जंगल में मिले महिला और पुरुष के शव, त्रिकोणीय प्रेम प्रसंग की आशंका; पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं पर कर रही जांच
बोकारो: झारखंड के बोकारो जिले में एक प्रेमी जोड़े के शव जंगल में पेड़ से लटके मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पेंक नारायणपुर थाना क्षेत्र के डुमरिया टांड जंगल में शनिवार को एक महिला और पुरुष का शव एक ही पेड़ से लटका हुआ बरामद किया गया। दोनों के शव पीले रंग की एक ही साड़ी के दोनों छोर से बने फंदे पर लटके मिले। घटना के बाद आसपास के इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है। प्रारंभिक जानकारी में त्रिकोणीय प्रेम प्रसंग की बात सामने आ रही है। हालांकि, पुलिस ने मामले में हत्या और आत्महत्या दोनों बिंदुओं पर जांच शुरू कर दी है।
जंगल में एक ही पेड़ से लटके मिले दोनों के शव
जानकारी के अनुसार, शनिवार को डुमरिया टांड के घने जंगल में स्थानीय लोगों ने एक पेड़ से महिला और पुरुष के शव लटके हुए देखे। इसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को इसकी सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को नीचे उतरवाया। घटनास्थल की प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दोनों के शव पीले रंग की एक साड़ी के दोनों पल्लू से बनाए गए फंदे पर लटके हुए थे। महिला लाल रंग का साया और गुलाबी रंग का ब्लाउज पहने हुई थी, जबकि पुरुष के शरीर पर काले रंग की चेकदार शर्ट और नीले रंग की जींस थी। पुलिस ने घटनास्थल से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है। मोबाइल फोन की जांच से मामले में कुछ अहम जानकारी मिलने की उम्मीद है।
दोनों की हुई पहचान, त्रिकोणीय प्रेम प्रसंग की चर्चा
पुलिस के अनुसार, मृतक महिला और पुरुष की पहचान हो गई है। दोनों बोकारो जिले के धवाइयां बस्ती के रहने वाले बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक जानकारी में त्रिकोणीय प्रेम प्रसंग की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि महिला शादीशुदा थी और उसका पति बाहर काम करता था। वहीं, महिला से जुड़े बताए जा रहे पुरुष भी बाहर काम करते थे और करीब 10 दिन पहले अपने गांव लौटे थे।हालांकि, प्रेम प्रसंग को लेकर सामने आ रही जानकारी की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस दोनों के पारिवारिक और व्यक्तिगत संबंधों के साथ-साथ घटना से पहले की गतिविधियों की भी पड़ताल कर रही है।

दो दिन पुरानी बताई जा रही है घटना
घटना की सूचना मिलने पर पेंक नारायणपुर थाना प्रभारी मुकेश दयाल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए तेनुघाट भेज दिया।इस मामले में बेरमो डीएसपी रविंद्र कुमार ने बताया कि घटना करीब दो दिन पुरानी प्रतीत हो रही है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। हालांकि, यदि मृतकों के परिजनों को किसी प्रकार की शंका है, तो वे लिखित आवेदन दे सकते हैं। आवेदन मिलने पर पुलिस उसके आधार पर जांच करेगी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार, जांच के बाद होगा खुलासा
फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। घटनास्थल से मिले मोबाइल फोन सहित अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।डुमरिया टांड जंगल में एक ही पेड़ से दो शव मिलने की घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या दोनों ने प्रेम प्रसंग के चलते आत्महत्या की या फिर इस घटना के पीछे कोई अन्य वजह अथवा साजिश है? इसका स्पष्ट खुलासा पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

धनबाद में CBI अधिकारियों पर मारपीट और हिरासत में प्रताड़ना का गंभीर आरोप, CIMFR के कर्मचारी ने CVC से लगाई न्याय की गुहार
तीन घंटे तक पूछताछ के दौरान शारीरिक हिंसा का आरोप, मेडिकल दस्तावेजों में चोटों का उल्लेख; CCTV फुटेज सुरक्षित रखने और स्वतंत्र…

दुबई कमाने गए हुसैनाबाद के युवक को दलाल ने फंसाया, तीन महीने से जेल में बंद; बेटे की रिहाई के लिए पिता ने लगाई गुहार
हुसैनाबाद/पलामू: बेहतर रोजगार और परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने का सपना लेकर दुबई गए पलामू जिले के हुसैनाबाद प्रखंड निवासी 23 वर्षीय…

रामरेखा धाम कार्तिक मेले का टेंडर रद्द करने की मांग, आंदोलन की चेतावनी
निर्मल सिंह गुमला: सिमडेगा के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल श्री रामरेखा धाम में कार्तिक पूर्णिमा मेले के आयोजन को लेकर निकाले गए टेंडर…


















