Bodies of two people found hanging in Godda; police investigating, awaiting post-mortem report.

गोड्डा में दो लोगों के शव फंदे से लटके मिले, पुलिस जांच में जुटी; पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

Share
Link copied
Bodies of two people found hanging in Godda; police investigating, awaiting post-mortem report.
Bodies of two people found hanging in Godda; police investigating, awaiting post-mortem report.

गोड्डा: जिले के ललमटिया थाना क्षेत्र में शनिवार को दो अलग-अलग स्थानों से दो व्यक्तियों के शव फंदे से लटके मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

पहली घटना डकैता चौक के पास चर्च के पीछे स्थित जंगल की है, जहां 25 वर्षीय मोहम्मद सरफराज अंसारी का शव पेड़ से लटका मिला। सुबह जंगल की ओर गए ग्रामीणों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही ललमटिया थाना प्रभारी रौशन कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लिया।

परिजनों के अनुसार, सरफराज मानसिक रूप से अस्वस्थ था और अक्सर घर से बाहर रहता था। पहले वह वाहन चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। हालांकि, परिजनों ने उसकी हत्या की आशंका जताई है। घटनास्थल से एक जोड़ी चप्पल और नशा करने में इस्तेमाल होने वाला डेंडोरॉइड भी बरामद किया गया है। सरफराज अपने पीछे पत्नी और दो बेटों को छोड़ गया है।

वहीं दूसरी घटना पियारम जंगल की है, जहां सुंदरपहाड़ी थाना क्षेत्र के रामपुर निवासी 40 वर्षीय अमीन लोहार का शव फंदे से लटका मिला। उनकी पत्नी बेनुका देवी ने बताया कि अमीन भी मानसिक रूप से अस्वस्थ थे और अक्सर घर से बाहर रहते थे। वह अपने ससुराल पियारम में रह रहे थे। उनके परिवार में पत्नी और एक बेटा है।

ललमटिया थाना प्रभारी रौशन कुमार सिंह ने बताया कि थाना क्षेत्र से दो शव बरामद हुए हैं। डकैता चौक के पास मिला शव प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है। हालांकि, दोनों मामलों में मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।