Jamshedpur crime news

जमशेदपुर: गोलमुरी के नामदा बस्ती में फायरिंग से दहशत, पड़ोसी पर लगा जानलेवा हमले का आरोप

Share
Link copied

Jamshedpur crime news

नीरज तिवारी 

जमशेदपुर: गोलमुरी थाना के नामदा बस्ती में मंगलवार शाम हुई फायरिंग की एक घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। इस घटना में एक महिला बाल-बाल बच गई, जिसके बाद से स्थानीय लोगों में काफी दहशत का माहौल है।

मामले की जानकारी..

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अमन सिंह नामक युवक ने अपने ही पड़ोसी वीर सिंह उर्फ पंडित के खिलाफ गोलमुरी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। अमन का आरोप है कि उसका भाई विक्की सिंह नशे जैसी गलत आदतों का शिकार है और आरोपी वीर सिंह उसे लगातार गलत संगति में डाल रहा था।

अमन ने बताया कि इस बात को लेकर उसने पहले अपने भाई को समझाया और बाद में वीर सिंह को कड़ी चेतावनी दी थी कि वह उसके भाई से दूर रहे। इसी बात से नाराज होकर वीर सिंह ने अमन के परिवार को निशाना बनाने की योजना बनाई।

घर के बाहर बैठी महिला पर चलाई गोली

शिकायतकर्ता अमन सिंह के मुताबिक, मंगलवार शाम करीब 8:15 बजे वीर सिंह मोटरसाइकिल पर सवार होकर उनके घर पहुँचा। उस समय अमन की मां राज कौर घर के बाहर बैठी थीं। आरोप है कि वीर सिंह ने बिना किसी चेतावनी के पिस्तौल निकाली और राज कौर की ओर सीधे फायर कर दिया। गनीमत रही कि गोली उन्हें नहीं लगी और वह बाल-बाल बच गईं।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी गाली-गलौज करते हुए और परिवार को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया।

इस घटना के बाद पीड़ित परिवार ने थाने में आवेदन देकर अपनी और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की गुहार लगाई है। अमन सिंह ने आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
इस मामले पर गोलमुरी थाना पुलिस का कहना है कि उन्हें शिकायत प्राप्त हुई है। पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। इलाके में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है ताकि स्थिति को सामान्य बनाया जा सके।

 

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।