जमशेदपुर: मानगो में दिनदहाड़े फायरिंग, ऑल्टो सवार विक्की सिंह राजपूत पर ताबड़तोड़ गोलियां, बाल-बाल बची जान
जमशेदपुर: मानगो में दिनदहाड़े फायरिंग, ऑल्टो सवार विक्की सिंह राजपूत पर ताबड़तोड़ गोलियां, बाल-बाल बची जान

जमशेदपुर : लौहनगरी जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र में सोमवार शाम बेखौफ अपराधियों ने सरेआम गोलीबारी कर पुलिसिया इकबाल को चुनौती दी है। उलीडीह ओपी अंतर्गत उमा टिफिन के समीप बाइक सवार अपराधियों ने ऑल्टो कार में जा रहे विक्की सिंह राजपूत नामक युवक पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस जानलेवा हमले में विक्की को तीन गोलियां लगी हैं, हालांकि गनीमत यह रही कि वह बाल-बाल बच गया।
भीड़भाड़ वाले इलाके में शाम 5:30 बजे की घटना
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना सोमवार शाम करीब 5:30 बजे की है। विक्की अपनी ऑल्टो कार से जा रहा था, तभी घात लगाए बाइक सवार अपराधियों ने उसे घेर लिया और फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई इस फायरिंग से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। हमले में विक्की की कार भी काफी क्षतिग्रस्त हुई है।
3 साल पुराना विवाद बना हमले की वजह?
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस खूनी संघर्ष के पीछे 3 साल पुराना आपसी विवाद बताया जा रहा है। चर्चा है कि विक्की का लल्ला नामक युवक के साथ पुराना झगड़ा चल रहा था। शुरुआती जांच में पुलिस इस हमले को उसी पुराने विवाद से जोड़कर देख रही है।
एमजीएम में चल रहा इलाज, पुलिस तफ्तीश में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पटमदा डीएसपी वचनदेव कुजूर और पुलिस बल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और घायल विक्की से शुरुआती पूछताछ की। फिलहाल विक्की को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका उपचार चल रहा है।
पुलिस का बयान
मौके पर पहुंचे डीएसपी ने बताया कि अपराधियों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने जल्द ही हमलावरों की गिरफ्तारी का दावा किया है। इस घटना के बाद से पूरे मानगो इलाके में सनसनी फैल गई है और स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर काफी चिंता देखी जा रही है।

















