झारखंड: स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम, 66 डॉक्टरों को सौंपे नियुक्ति पत्र
रांची : नामकुम स्थित एनएचएम सभागार में स्वास्थ्य विभाग द्वारा नियुक्ति पत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मंत्री ने 33 मेडिकल ऑफिसर और 33 सीनियर मेडिकल ऑफिसर (विशेषज्ञ चिकित्सक) सहित कुल 66 नवचयनित स्वास्थ्यकर्मियों को नियुक्ति पत्र सौंपे।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि पिछले 11 महीनों में राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था में व्यापक बदलाव किए गए हैं और यह प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह मात्र नियुक्ति पत्र वितरण नहीं है, बल्कि जनता और सरकार के बीच विश्वास का एक मजबूत अनुबंध है। मंत्री ने नव नियुक्त डॉक्टरों से आग्रह किया कि वे अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए जनता की सेवा में समर्पित भाव से कार्य करें।
इस अवसर पर मंत्री ने राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य क्षेत्र में मानव संसाधन की कमी को दूर करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और अगले वर्ष और अधिक भर्तियां की जाएंगी।
यह नियुक्ति पत्र वितरण समारोह झारखंड सरकार की उस मुहिम का हिस्सा है, जिसमें स्वास्थ्य सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने और डॉक्टरों की कमी को दूर करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। नव नियुक्त डॉक्टरों की तैनाती से राज्य के विभिन्न अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाएं और बेहतर होने की उम्मीद है।

















