20251218 203451

झारखंड हाई कोर्ट के निर्देश पर सिमडेगा सदर अस्पताल के ट्रामा सेंटर का निरीक्षण, कमियों की रिपोर्ट कोर्ट को भेजी जाएगी

शंभू कुमार सिंह

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

सिमडेगा : झारखंड हाई कोर्ट के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए) की सचिव मरियम हेमरोम ने गुरुवार को सिमडेगा सदर अस्पताल में संचालित ट्रामा सेंटर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ट्रामा सेंटर की चिकित्सीय सुविधाओं, उपलब्ध संसाधनों और मानव बल की स्थिति का जायजा लिया गया।

निरीक्षण में पता चला कि ट्रामा सेंटर का अपना अलग भवन नहीं है और इसे वर्तमान में अस्पताल के क्रिटिकल केयर यूनिट (सीसीयू) में ही संचालित किया जा रहा है। सीमित संसाधनों के कारण गंभीर मरीजों, विशेषकर सड़क दुर्घटना के शिकार लोगों के इलाज में कई चुनौतियां आ रही हैं।

अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि ट्रामा सेंटर में फिलहाल केवल एक सर्जन डॉक्टर और चार नर्सिंग स्टाफ तैनात हैं। बढ़ती दुर्घटनाओं और आपातकालीन मामलों को देखते हुए यह स्टाफ अपर्याप्त है।

निरीक्षण के बाद डीएलएसए सचिव मरियम हेमरोम ने कहा कि ट्रामा सेंटर की वास्तविक स्थिति, उपलब्ध सुविधाओं और मौजूदा कमियों पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है, जिसे शीघ्र झारखंड हाई कोर्ट को भेजा जाएगा।

निरीक्षण के दौरान असिस्टेंट एलएडीसीएस सुकोमल, अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. आनंद खाखा, डॉ. सुचांद, अस्पताल प्रबंधक अलका कुल्लू, पीएलवी एस सरफराज, पुनिता, दीपक तथा अन्य स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे।

Share via
Share via