बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की प्रचंड जीत पर झारखंड भाजपा में उत्सव, घाटशिला उपचुनाव को सहानुभूति की जीत बताया
रांची : बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की प्रचंड जीत के बाद झारखंड भाजपा प्रदेश कार्यालय सहित सभी जिलों और मंडलों में कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक उत्सव मनाया। पार्टी मुख्यालय में पटाखे फोड़े गए, लड्डू बांटे गए और भारत माता की जय के नारे लगाए गए।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, कार्यकारी अध्यक्ष सांसद आदित्य साहू, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह के साथ प्रदेश पदाधिकारी, रांची महानगर अध्यक्ष वरुण साहू सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने प्रदेश अध्यक्ष को लड्डू खिलाकर बधाई दी।
प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने बिहार एवं झारखंड के कार्यकर्ताओं के कठिन परिश्रम और जनता के एनडीए पर भरोसे के लिए आभार जताया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष सहित एनडीए नेताओं को बधाई दी।
बाबूलाल मरांडी ने कहा, “बिहार की ऐतिहासिक जीत सुशासन की जीत है, सबका साथ-सबका विकास की जीत है और राष्ट्रवादी विचारों की जीत है। बिहार की जनता ने एनडीए पर दिल खोलकर भरोसा जताया है, जो हमारी ताकत है। यह जीत लोकतंत्र को मजबूत करने और उसके विरोधियों को सबक सिखाने वाली है। बिहार चुनाव परिणाम देश की राजनीति को नई दिशा देगा।”
घाटशिला उपचुनाव परिणाम पर बाबूलाल मरांडी ने मतदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “यह जीत सहानुभूति की जीत है। हेमंत सरकार की नाकामियों पर सहानुभूति हावी रही। ऐसी परिस्थिति में उपचुनाव में यह स्वाभाविक है।”
प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष सांसद आदित्य साहू ने कहा कि बिहार की जीत ने सुशासन और विकास की राजनीति को नई गति दी है। प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा, “बिहार चुनाव परिणाम ने तुष्टीकरण की राजनीति को पूरी तरह नकार दिया है।”
प्रदेश महामंत्री एवं सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा ने बधाई देते हुए कहा कि बिहार की जनता जंगलराज, लूट और भ्रष्टाचार की सोच को दोबारा स्वीकार नहीं कर सकती। अब बिहार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और नीतीश कुमार के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार के साथ तेजी से विकास पथ पर अग्रसर है। प्रदेश महामंत्री मनोज कुमार सिंह ने भी बिहार जनता और एनडीए कार्यकर्ताओं को बधाई दी।
वरिष्ठ नेता एवं मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने कहा कि बिहार की जीत ने इंडी गठबंधन के गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार, सनातन पर हमले और छठ पूजा के अपमान पर करारी चोट की है। विधायक सीपी सिंह ने कहा कि चुनाव में विकास बनाम विनाश का मुद्दा था और जनता ने सबका साथ-सबका विकास को प्रचंड बहुमत दिया है।
कार्यक्रम में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष यदुनाथ पांडेय, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, भानु प्रताप शाही, विकास प्रीतम, आरती कुजूर, प्रदेश मंत्री सरोज सिंह, सुनीता सिंह, कार्यालय मंत्री हेमंत दास सहित शिवपूजन पाठक, प्रतुल शाह देव, योगेंद्र प्रताप सिंह, अशोक बड़ाइक, पवन साहू, अमित मंडल, सीमा सिंह, रविनाथ किशोर, रमेश सिंह, संदीप वर्मा, कमाल खान, लक्ष्मीचंद्र दीक्षित, गंगोत्री कुजूर, लक्ष्मी कुमारी, केके गुप्ता, अरुण झा, ललित ओझा, जितेंद्र वर्मा, बलराम सिंह, तारिक इमरान, मनीष वैद्य, रितेश तिवारी, संजय जायसवाल सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।

















