20260308 191812

झारखंड भाजपा ने निकाय चुनाव में समर्थित विजयी जनप्रतिनिधियों का भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया

रांची : झारखंड प्रदेश भाजपा ने हाल ही में संपन्न नगर निकाय चुनावों में विजयी हुए अपने समर्थित प्रत्याशियों का जोरदार सम्मान समारोह रांची के चिरौंडी स्थित गीतांजलि बैंक्वेट हॉल में आयोजित किया। प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू की अध्यक्षता में हुए इस कार्यक्रम में 3 महापौर, 4 नगर परिषद अध्यक्ष, 6 नगर पंचायत अध्यक्ष और 387 पार्षदों को अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय महामंत्री एवं सांसद अरुण सिंह, केंद्रीय मंत्री संजय सेठ, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह सहित पार्टी के कई सांसद, विधायक और पदाधिकारी मौजूद रहे।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

कार्यक्रम में पुष्प वर्षा कर जनप्रतिनिधियों का स्वागत किया गया। महिला दिवस के अवसर पर सभी महिला जनप्रतिनिधियों को विशेष बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। मंच संचालन प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन रांची पूर्वी जिला अध्यक्ष धीरज महतो ने प्रस्तुत किया।

प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि निकाय जनप्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्र के ‘नरेंद्र मोदी’ बनें और मोदी सरकार की योजनाओं को गरीबों तक शत-प्रतिशत पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव के परिणाम भाजपा के पक्ष में हैं और यह जीत का सिलसिला नहीं रुकना चाहिए। झारखंड में हेमंत सरकार के खिलाफ संघर्ष तेज होगा, राज्य में नया विहान लाना है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने पुलिस-प्रशासन के दुरुपयोग से भाजपा प्रत्याशियों को प्रभावित करने की कोशिश की, लेकिन जनता भाजपा के साथ खड़ी रही।

राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने निकाय चुनाव को हेमंत सरकार पर करारी चोट करार दिया। उन्होंने कहा कि यदि चुनाव पार्टी चिन्ह पर होते तो ‘ठगबंधन’ का सफाया हो जाता। राज्य सरकार डर के कारण दलीय चुनाव नहीं करा सकी। उन्होंने भविष्यवाणी की कि अगली सरकार भाजपा की बनेगी और जनता भ्रष्टाचार से तंग आ चुकी है।

पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में जुट जाएं और गवर्नेंस का नया मॉडल स्थापित करें। अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव ने आदिवासी बहुल क्षेत्रों में भाजपा की मजबूत पकड़ पर जोर दिया।

कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री संजय सेठ, मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल, विधायक सीपी सिंह, उज्जवल दास, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष यदुनाथ पांडेय सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे। यह सम्मान समारोह भाजपा की बढ़ती ताकत और आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों का संकेत देता है।

Share via
Share via