झारखंड के सभी 48 नगर निकाय चुनावों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों की होगी भारी जीत – बाबूलाल मरांडी का बड़ा दावा
साहिबगंज : भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने साहिबगंज जिले के बरहरवा में नगर निकाय चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए दावा किया कि राज्य के सभी 48 नगर निकायों में भाजपा समर्थित उम्मीदवार ही जीत हासिल करेंगे।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मरांडी ने कहा, “नगर निकाय चुनाव में भाजपा की राज्यव्यापी बड़ी जीत होगी। पार्टी में कार्यकर्ताओं की भरमार है, कोई गुटबाजी नहीं है और नाराज कार्यकर्ताओं को भी अंत तक मनाया जाएगा।” उन्होंने कार्यकर्ताओं को एकजुट रहकर चुनाव लड़ने का मंत्र दिया।
इस दौरान मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि हेमंत सोरेन ने पुलिस को वसूली के काम में लगा रखा है, जिसके कारण राज्य में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। विशेष रूप से साहिबगंज में अपराधियों का मनोबल ज्यादा बढ़ा हुआ है, क्योंकि मुख्यमंत्री खुद इसी जिले से हैं और यहां अपराधियों को उनका संरक्षण प्राप्त है।
मरांडी ने राजमहल में हुई चाकूबाजी की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि टोटो पर सवारी को लेकर हुए विवाद में मो. जमशेद शेख के पुत्रों ने मंतोष और उसके भाई पर चाकू व रॉड से जानलेवा हमला किया, जिसमें मंतोष नामक हिंदू युवक की मौत हो गई जबकि उसका भाई गंभीर रूप से घायल है। उन्होंने इस घटना को राज्य में बढ़ते अपराध का उदाहरण बताते हुए सरकार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए।
झारखंड में नगर निकाय चुनाव (2026) की तैयारियां जोरों पर हैं, जिसमें 9 नगर निगम सहित कुल 48 निकाय शामिल हैं। मतदान की तारीखें घोषित हो चुकी हैं और राजनीतिक दल अपने समर्थित उम्मीदवारों के साथ मैदान में हैं। भाजपा की ओर से साहिबगंज, बरहरवा और राजमहल जैसे क्षेत्रों में प्रत्याशियों की घोषणा भी की जा चुकी है।

















