झारखंड राज्य पेंशनर समाज सिमडेगा इकाई की बैठक में उठी मांग, बजट में पेंशनरों की अनदेखी सोचनीय: सुरेश कुमार चौधरी
शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा : झारखंड राज्य पेंशनर समाज की जिला इकाई की महत्वपूर्ण बैठक पेंशनर भवन में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता इग्नेश तिर्की ने की। इस दौरान केंद्र सरकार के हालिया आम बजट में पेंशनरों के लिए किसी भी प्रकार की राहत या प्रावधान न होने पर गहरी चिंता जताई गई।
अध्यक्ष इग्नेश तिर्की ने संबोधित करते हुए कहा कि बजट में पेंशनरों के मुद्दों पर कोई चर्चा नहीं हुई, जो बेहद दु:खद है। उन्होंने विशेष रूप से 80 वर्ष से अधिक आयु के पेंशनरों के लिए अतिरिक्त वित्तीय लाभ न मिलने और पेंशन राशि के बैंक खाते में आने में लगातार देरी की समस्या पर प्रकाश डाला। पेंशनर भाइयों-बहनों को इन समस्याओं से जूझना पड़ रहा है, जिस पर तत्काल ध्यान देने की आवश्यकता है। समाज के सचिव राम कैलाश राम ने पूर्व बैठक में लिए गए निर्णयों की समीक्षा रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिसे सदस्यों ने सर्वसम्मति से अनुमोदित किया।
कार्यकारी सचिव देवेंद्र प्रसाद तिवारी ने जानकारी दी कि आगामी निकाय चुनाव के कारण घोषित आचार संहिता के चलते 13 फरवरी को केलाघाघ डैम में प्रस्तावित वन भोज कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है। वहीं, 28 फरवरी को पेंशनर भवन में होली मिलन समारोह का आयोजन किया जाएगा। सभी पेंशनर भाइयों-बहनों से इसमें बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की गई।
मीडिया प्रभारी सुरेश कुमार चौधरी ने बैठक की मुख्य बातों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज की बैठक में 97 वर्षीय वरिष्ठ सदस्य निकोलस खेस्स की उपस्थिति ने सभी के मनोबल को बढ़ाया। उन्होंने निकोलस खेस्स की सौ वर्षीय (सताब्दी) वर्षगांठ की शुभकामनाएं दीं। साथ ही, उन्होंने केंद्र के बजट में पेंशनरों की चिंता न किए जाने को सोचनीय करार दिया।
बैठक में राम बिलास शर्मा, साधु मालवा, एतवा मांझी, अगस्तूस एक्का, दुबराज बड़ाइक, अर्जुन मिस्त्री, भुनेश्वर सिंह, प्रमोद टेट, जवाहर प्रसाद, सुलोचनी देवी, रोजालिया कुल्लू, तेरेशा मिंज, सावधानी कुल्लू, नन्दलाल साहु सहित बड़ी संख्या में पेंशनर उपस्थित रहे।

















