झारखंड विधानसभा बजट सत्र का आज छठा दिन: कल पेश किए गए 1.58 लाख करोड़ के ‘अबुआ दिशोम’ बजट पर तीखी बहस और विस्तृत चर्चा के आसार
रांची : झारखंड विधानसभा के पांचवें (बजट) सत्र का आज छठा दिन है। कल वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर द्वारा सदन में पेश किए गए वित्तीय वर्ष 2026-27 के 1 लाख 58 हजार 560 करोड़ रुपये के ‘अबुआ दिशोम’ बजट पर आज विस्तृत चर्चा होने वाली है। सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस की संभावना है, जिसमें बजट की प्राथमिकताओं, सामाजिक क्षेत्र पर फोकस और वित्तीय प्रबंधन को लेकर सवाल-जवाब होंगे।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सत्र की शुरुआत में प्रश्नकाल के दौरान विधायक अपने-अपने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को सदन के समक्ष रखेंगे। इनमें स्थानीय विकास, कानून-व्यवस्था, नियुक्तियां, ग्रामीण सड़कें, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मुद्दे प्रमुख रह सकते हैं। इसके बाद बजट पर सामान्य चर्चा शुरू होगी, जो कल भी जारी रह सकती है। इसके बाद सरकार अपने जवाब में विभिन्न बिंदुओं पर स्पष्टीकरण देगी।
बजट में सामाजिक क्षेत्र को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया है। इसमें महिला सशक्तिकरण, बाल कल्याण, कृषि विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने वाली कई योजनाओं की घोषणा की गई है। विपक्ष ने इसे पहले ही ‘दिशाहीन’ और ‘तथ्यहीन’ करार दिया है, जबकि सरकार इसे समावेशी और पारदर्शी बताकर इसका बचाव कर रही है।
आज की कार्यवाही में विधायकों की सक्रिय भागीदारी और राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप से सदन गर्म रहने की उम्मीद है। यह चर्चा राज्य की आर्थिक नीतियों और विकास की दिशा पर महत्वपूर्ण बहस का रूप ले सकती है।

















