20251231 092103

रांची सहित पूरे झारखंड में ठंड और कोहरे का कहर जारी, IMD ने जारी किया येलो अलर्ट

रांची : झारखंड की राजधानी रांची सहित पूरे राज्य में आज सर्दी का प्रकोप जारी है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राज्य के 11 जिलों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। यह अलर्ट आज सुबह 8:30 बजे से 5 जनवरी सुबह 8:30 बजे तक प्रभावी रहेगा। प्रभावित जिलों में गढ़वा, पलामू, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, देवघर, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ शामिल हैं।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

IMD के अनुसार, घने कोहरे के कारण हवाई अड्डों की उड़ानें, हाईवे पर वाहनों की आवाजाही और कई रूटों पर ट्रेन सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। सुबह और शाम के समय विजिबिलिटी काफी कम रहने की संभावना है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। लोगों से सलाह दी गई है कि जरूरी हो तभी बाहर निकलें और वाहन चलाते समय सावधानी बरतें।

रांची में न्यूनतम तापमान करीब 9-11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है, जबकि अधिकतम तापमान 24-25 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। राज्य के अन्य हिस्सों में भी ठंड बरकरार रहेगी। IMD रांची केंद्र के उप निदेशक अभिषेक आनंद के मुताबिक, अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन 4 से 6 जनवरी तक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट आ सकती है। इससे शीतलहर की स्थिति और गंभीर हो सकती है।

पूरे राज्य में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा, लेकिन सुबह घना कोहरा और दिन में हल्की धूप की उम्मीद है। किसानों को सलाह दी गई है कि कोहरे के कारण फसलों पर असर पड़ सकता है, इसलिए सतर्क रहें। वहीं लोगों से अपील की गई है कि ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनें, विशेषकर बच्चे और बुजुर्गों का ध्यान रखें।

Share via
Send this to a friend