झामुमो का भाजपा पर तीखा हमला: झूठ और सत्ता-लालसा के सहारे राजनीति कर रही है भाजपा
रांची : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्यव्यापी प्रदर्शन पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। झामुमो के महासचिव और प्रवक्ता विनोद पांडेय ने गुरुवार को एक बयान जारी कर भाजपा पर बिना तथ्यों के हेमंत सोरेन सरकार को बदनाम करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा झूठ और सत्ता की भूख से प्रेरित होकर जनता का समय बर्बाद कर रही है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सूर्या हांसदा मामले में भ्रामक प्रचार
विनोद पांडेय ने सूर्या हांसदा की मौत के मामले को लेकर भाजपा के रवैये को भ्रामक बताया। उन्होंने कहा कि सूर्या हांसदा का एनकाउंटर उसके गंभीर आपराधिक रिकॉर्ड के कारण हुआ, जिसका ब्योरा पहले ही सार्वजनिक किया जा चुका है। पांडेय ने आरोप लगाया कि भाजपा इस मामले को आदिवासी समाज से जोड़कर जनता को गुमराह कर रही है। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार ने इस मामले की पारदर्शी जांच सुनिश्चित की है, लेकिन भाजपा इसे राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल कर रही है। पांडेय ने सवाल उठाया कि भाजपा को राज्य की जांच एजेंसियों पर भरोसा क्यों नहीं है, जबकि केंद्रीय एजेंसियों पर उनकी निर्भरता जगजाहिर है।
भाजपा की साजिशों को जनता समझ चुकी है
झामुमो प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा ने हेमंत सोरेन की पिछली सरकार के खिलाफ भी साजिशें रची थीं, लेकिन जनता ने इन प्रपंचों को समझ लिया है। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन आज देश के सबसे सशक्त आदिवासी नेता के रूप में राष्ट्रीय राजनीति में अपनी पहचान बना रहे हैं। पांडेय ने भाजपा नेताओं के प्रदर्शन को सत्ता की भूख से प्रेरित बताया और कहा कि आपसी मतभेद और मनभेद के कारण भाजपा कभी एकजुट नहीं हो पाती। उन्होंने 2019 और 2024 के चुनावों का हवाला देते हुए कहा कि झारखंड की जनता ने भाजपा को सत्ता से बाहर कर हेमंत सोरेन के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन को प्रचंड बहुमत दिया।
रिम्स-2 परियोजना पर भ्रामक प्रचार
विनोद पांडेय ने नगड़ी में रिम्स-2 के लिए अधिग्रहित जमीन के मुद्दे पर भी भाजपा को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना झारखंड की स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए है और रैयतों को उचित मुआवजा व वैकल्पिक व्यवस्था दी जा रही है। पांडेय ने आरोप लगाया कि भाजपा किसानों के नाम पर झूठ बोलकर विकास को रोकने की साजिश कर रही है।
हेमंत सरकार की उपलब्धियां और भाजपा की नाकामी
पांडेय ने कहा कि हेमंत सोरेन की सरकार सभी वर्गों के सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक विकास के लिए काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के पास नई सोच या सृजनात्मक दृष्टि का अभाव है, जिसके कारण वे हेमंत सरकार की नीतियों और योजनाओं को ही अपनाने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार की लोकप्रियता से भाजपा का शीर्ष नेतृत्व भय और द्वेष से भर गया है।
भाजपा को दी नसीहत
झामुमो प्रवक्ता ने भाजपा नेताओं को नसीहत देते हुए कहा कि वे अपने शासनकाल में हुए खनन लूट, दवा खरीद घोटाले और नियुक्तियों में भ्रष्टाचार का हिसाब दें। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार आदिवासी, रैयत और गरीबों के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और भाजपा की कोई भी नौटंकी इसे डिगा नहीं सकती। पांडेय ने जोर देकर कहा कि जनता ने बार-बार झूठ की राजनीति को नकारा है और भविष्य में भी नकारेगी।
















