झामुमो का भाजपा पर तीखा हमला: जनता अब धनबल और केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग से नहीं डरेगी – विनोद पांडेय
रांची : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के महासचिव और प्रवक्ता विनोद कुमार पांडेय ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा के धनबल और केंद्रीय एजेंसियों जैसे ईडी, सीबीआई और इनकम टैक्स के दुरुपयोग से अब जनता डरने वाली नहीं है। पांडेय ने पटना में आयोजित ऐतिहासिक रैली का जिक्र करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने स्पष्ट किया कि अगर वे जेल से बाहर रहे होते, तो भाजपा झारखंड में लोकसभा चुनाव में एक भी सीट नहीं जीत पाती।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!विनोद पांडेय ने कहा कि हेमंत सोरेन ने अपने भाषण में साफ कर दिया कि यह लड़ाई किसी पार्टी की नहीं, बल्कि संविधान और लोकतंत्र की रक्षा की है। 2024 के विधानसभा चुनाव में झारखंड की जनता ने इंडिया गठबंधन को पूर्ण बहुमत देकर हेमंत सोरेन के नेतृत्व पर भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं को लागू कर जनता की भावनाओं के अनुरूप काम कर रही है, जो भाजपा को बर्दाश्त नहीं हो रहा।
विनोद पांडेय ने भाजपा पर आदिवासी, दलित, किसान और पिछड़े वर्गों की आवाज दबाने की साजिश रचने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा की साजिश अब बेनकाब हो चुकी है और पार्टी झूठे आरोपों और शब्दों की तोड़मरोड़ के सहारे सियासत करने को मजबूर है। उन्होंने भाजपा के आरोपों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि भाषण में किसी शब्द की पुनरावृत्ति पर बयान जारी करना भाजपा की संकीर्ण सोच को दर्शाता है। असल मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए भाजपा झूठ और अफवाहों का सहारा ले रही है।
उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन की विरासत बलिदान और संघर्ष की रही है, और झामुमो-कांग्रेस गठबंधन लोकतंत्र और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। इसके विपरीत, भाजपा लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने और खरीद-फरोख्त की राजनीति करने में लगी है।
विनोद पांडेय ने जोर देकर कहा कि भाजपा को झारखंडी अस्मिता की बात करने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व को झारखंड की अस्मिता और हक की रक्षा का प्रतीक बताया। उन्होंने चेतावनी दी कि जनता सब समझ रही है और आने वाले समय में भाजपा को करारा जवाब देगी।

















