पलामू पुलिस की अनुकरणीय पहल: हुसैनाबाद शहरी क्षेत्र अब CCTV की निगरानी में

पलामू पुलिस की अनुकरणीय पहल: हुसैनाबाद शहरी क्षेत्र अब CCTV की निगरानी में

Share
Link copied

पलामू : पलामू जिले में बेहतर पुलिसिंग और अपराध नियंत्रण के लिए पलामू पुलिस अधीक्षक महोदया के दिशा-निर्देशन में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के नगर पंचायत के शहरी इलाके में 01 सितंबर को कुल 15 सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए गए हैं, जिससे यह क्षेत्र अब पूरी तरह सीसीटीवी निगरानी के दायरे में आ गया है।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, हुसैनाबाद के नेतृत्व में इन कैमरों को जेपी चौक, नहर मोड़, हरिहर चौक (देवरी रोड), हरिहर चौक (दंगवार रोड) और पटेल चौक पर तीन-तीन की संख्या में लगाया गया है। यह प्रणाली शहरी क्षेत्र में विधि-व्यवस्था की सतत निगरानी सुनिश्चित करेगी, जिससे आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने और त्वरित कार्रवाई में सहायता मिलेगी।

हुसैनाबाद क्षेत्र बिहार के औरंगाबाद और रोहतास जिलों की सीमा से सटा होने के कारण सीमावर्ती अपराधों की रोकथाम में भी यह पहल कारगर साबित होगी। सीसीटीवी कैमरों का संचालन और नियंत्रण हुसैनाबाद थाना प्रभारी के अधीन होगा, जबकि वरीय पदाधिकारी समय-समय पर इसकी मॉनिटरिंग करेंगे।

इस नई व्यवस्था का विधिवत उद्घाटन आज पलामू पुलिस अधीक्षक महोदया द्वारा किया गया। इस पहल से न केवल स्थानीय निवासियों में सुरक्षा की भावना बढ़ेगी, बल्कि अपराध नियंत्रण में भी पुलिस को मजबूती मिलेगी। पलामू पुलिस की यह पहल जिले में अपराधमुक्त और सुरक्षित वातावरण स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow