खूंटी के मुरहू थाना क्षेत्र में रामनवमी जुलूस के बाद तनाव, पुलिस ने किया भारी बल तैनात
खूंटी के मुरहू थाना क्षेत्र में रामनवमी जुलूस के बाद तनाव, पुलिस ने किया भारी बल तैनात

खूंटी (झारखंड), 28 मार्च : खूंटी जिले के मुरहू थाना क्षेत्र में रामनवमी की शोभायात्रा के समापन के बाद दो समुदायों के बीच हुई कहासुनी विवाद में बदल गई। इसके बाद पत्थरबाजी की घटनाएं हुईं, जिससे इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बन गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, शुक्रवार को रामनवमी शोभायात्रा के दौरान दोनों पक्षों के बीच शुरू हुई बहस बाद में पत्थरबाजी तक पहुंच गई। पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप कर स्थिति को शांत किया। हालांकि, शनिवार को फिर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और झड़प हो गई। गुस्साए लोगों ने दुकानें बंद कर दीं और मुरहू महादेव मंडा के पास एकत्र हो गए। उन्होंने पत्थरबाजी में शामिल आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।दूसरे पक्ष के लोग भी एकजुट हो गए, जिससे माहौल और संवेदनशील हो गया। दिन में एक बार फिर पत्थरबाजी की घटना होने की सूचना मिली, जिसके बाद प्रशासन की चिंता बढ़ गई।
प्रशासनिक कार्रवाई:
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन हरकत में आ गया। मुरहू थाना क्षेत्र में भारी संख्या में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन तनाव अभी भी बरकरार है।शांति की अपील:
प्रशासन ने दोनों समुदायों से शांति बनाए रखने और कानून-व्यवस्था का सम्मान करने की अपील की है। स्थानीय लोगों से भी अफवाहों पर ध्यान न देने और प्रशासन के साथ सहयोग करने की बात कही गई है।
Note –मुरहू थाना क्षेत्र में दो समुदायों के बीच विवाद, स्थिति नियंत्रण में

















