जमीन विवाद ने लिया खूनी मोड़, धारदार हथियार से हमला कर व्यक्ति की हत्या

शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा: जिले के बोलबा थाना क्षेत्र अंतर्गत पालेमुंडा गांव में जमीन विवाद को लेकर एक व्यक्ति की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान भुनेश्वर महतो के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह भुनेश्वर महतो की जमीन पर उनके कुछ रिश्तेदार हल चलाकर खेती कर रहे थे। जब भुनेश्वर महतो ने अपनी जमीन पर हल चलाने का विरोध किया तो दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और कहासुनी के बाद भुनेश्वर अपने परिजनों को बुलाने के लिए घर लौट आए।
आरोप है कि कुछ देर बाद रिश्तेदारों के कई लोग भुनेश्वर महतो के घर पहुंचे और धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल भुनेश्वर महतो की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना की सूचना मिलते ही बोलबा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मामले में तीन से चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जमीन विवाद में हुई इस हत्या की घटना से पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
















