लोहरदगा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध हथियार के साथ एक गिरफ्तार

लोहरदगा पुलिस ने कुडू थाना क्षेत्र में अवैध हथियार के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक, लोहरदगा को 20 अक्टूबर 2025 की रात गुप्त सूचना मिली थी कि ग्राम चेटर निवासी जसीम पवरिया, पिता स्वर्गीय गफ्फार पवरिया, अवैध हथियार के साथ किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में है।

इस सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक ने कुडू थाना प्रभारी मनोज कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित कर तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया। थाना प्रभारी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जसीम पवरिया के घर की घेराबंदी की और छापेमारी की। पूछताछ के दौरान जसीम ने छिपाए गए हथियारों का खुलासा किया, जिसके बाद पुलिस ने एक लोहे का देसी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, एक धूल-मिट्टी लगा हुआ खोखा और तीन 12 बोर कारतूस बरामद किया।

इसके आधार पर कुडू थाना में कांड संख्या 110/25, दिनांक 20.10.2025, धारा 25(1-B)a/26 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। अभियुक्त जसीम पवरिया को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।


















