तेल टैंकर पलटा तो मची लूट, ड्राइवर को छोड़ तेल भरने में जुटे लोग, बच्चों-महिलाओं और बुजुर्गों ने भी लूटा पाम ऑयल

कोडरमा तेल लूटने के चक्कर मे जनता घायल ड्राइवर को भूली ,टैंकर पलटा, तेल बहा तो इंसानियत भी बह गई!घायल ड्राइवर टैंकर में फंसा रहा और बच्चे-बुजुर्ग समेत तेल लूटने में जुटी रही भीड़
कोडरमा। कोडरमा घाटी में एक सड़क हादसे के बाद जो तस्वीर सामने आई, वह सिर्फ हादसे की नहीं, बल्कि इंसानियत को झकझोर देने वाली है। काली मंडा के पास पाम ऑयल से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। टैंकर के पलटते ही उसमें से तेल निकलने लगा और देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!हादसे में कोई घायल हुआ है या नहीं, यह देखने के बजाय लोगों में तेल भरने की होड़ मच गई। करीब एक घंटे तक टैंकर से तेल लूटने का सिलसिला चलता रहा। जिसके हाथ जो बर्तन लगा, वह उसे लेकर पहुंच गया। कोई डिब्बा लेकर आया तो कोई बाल्टी, बोतल और दूसरे बर्तन। बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग तक तेल भरने में जुट गए।
सबसे दर्दनाक बात यह रही कि जिस टैंकर से लोग तेल निकाल रहे थे, उसी के अंदर उसका चालक घायल अवस्था में फंसा हुआ था। लेकिन भीड़ की नजर चालक पर नहीं, टैंकर से निकल रहे तेल पर थी। हादसे के बाद मदद के लिए आगे आने के बजाय लोग तेल बटोरने में व्यस्त रहे।
करीब एक घंटे बाद किसी ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तेल लूट रहे लोगों को वहां से खदेड़ा। इसके बाद टैंकर में फंसे घायल चालक को बाहर निकालकर इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया।

बाद में क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त टैंकर को सीधा किया गया।
जानकारी के अनुसार, पाम ऑयल से भरा टैंकर पश्चिम बंगाल के हल्दिया की ओर जा रहा था। इसी दौरान कोडरमा घाटी के काली मंडा के पास किसी वाहन को पास देने के दौरान टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया।
हादसे में टैंकर पलटा, तेल सड़क पर बहा और भीड़ उसे समेटने में जुट गई। लेकिन इस पूरे घटनाक्रम में सबसे बड़ा सवाल यही रह गया—क्या कुछ लीटर तेल की कीमत एक घायल इंसान की जिंदगी से ज्यादा हो गई थी?
















