केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री ने कांग्रेस और झारखंड सरकार पर लगाया एलपीजी संकट फैलाने का आरोप, कहा- जनता को गुमराह कर रही है अफवाहें
रांची: केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री और रांची सांसद संजय सेठ ने आज प्रेस वार्ता में दावा किया कि पूरे देश में एलपीजी घरेलू गैस, पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कांग्रेस और झारखंड सरकार के मंत्रियों पर आरोप लगाया कि वे राजनीतिक लाभ के लिए जनता में पैनिक सिचुएशन पैदा कर रहे हैं और अफवाहें फैला रहे हैं।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!संजय सेठ ने कहा कि पहले प्रतिदिन 55 लाख गैस सिलेंडर की बुकिंग होती थी, जो अब बढ़कर 75 लाख से अधिक हो गई है—यह सिर्फ पैनिक के कारण है। सभी पेट्रोल पंप और 25 हजार गैस एजेंसियों में आपूर्ति सामान्य है। रांची में 25 हजार से अधिक परिवारों को PNG कनेक्शन मिल चुके हैं, और जरूरतमंद 1800-123-1211 पर कॉल कर सकते हैं। उन्होंने कालाबाजारी करने वालों को जिम्मेदार ठहराया और जनता से अफवाहों पर विश्वास न करने की अपील की।
उन्होंने झारखंड सरकार की संवेदनहीनता पर भी सवाल उठाए। कहा कि एक तरफ गर्भवती महिलाएं एंबुलेंस में खड़े होकर यात्रा कर रही हैं, प्रसव के लिए अस्पताल पहुंचने में परेशान हैं, लेकिन सरकार के मंत्री अनावश्यक मुद्दों पर तस्वीरें खिंचवाने में व्यस्त हैं।
संजय सेठ ने हाल के एयर एंबुलेंस हादसे का जिक्र करते हुए कहा कि रेडबर्ड एयरवेज प्राइवेट लिमिटेड के विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से कई परिवार उजड़ गए, कई चिराग बुझ गए। प्रभावित परिवारों को अभी तक पर्याप्त मुआवजा नहीं मिला, फिर भी राज्य सरकार ने इसी कंपनी को 6 महीने का कांट्रैक्ट विस्तार दे दिया है। उन्होंने पूछा—यह किस परिस्थिति में किया गया? यह संवेदनहीन व्यवस्था का स्पष्ट उदाहरण है। संबंधित मंत्री सिर्फ फोटो सेशन और राजनीतिक स्टंट में लगे हैं।
संजय सेठ ने जनता से अपील की कि वे अफवाहों से बचें, जरूरत पड़ने पर जिला प्रशासन के दिए नंबर पर शिकायत करें। उन्होंने जोर देकर कहा कि देश में गैस-पेट्रोल की कोई किल्लत नहीं है—सिर्फ राजनीतिक दलों द्वारा कृत्रिम संकट खड़ा किया जा रहा है।

















