चतरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: हथियार के साथ तीन अपराधी गिरफ्तार

चतरा पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए टंडवा क्षेत्र में तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। चतरा एसपी को सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल पर सवार होकर बसरिया से एनटीपीसी कोल गेट की ओर आ रहे हैं और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस ने बसरिया से मगध संधमित्रा बायपास रोड पर राहम मोड़ के पास वाहनों की सघन जांच शुरू की। इस दौरान दो मोटरसाइकिल सवार व्यक्तियों को पकड़ा गया, जबकि एक अन्य व्यक्ति मोटरसाइकिल के साथ फरार होने में सफल रहा। पकड़े गए व्यक्तियों की पहचान गौतम कुमार (26 वर्ष, पिता- बिनोद प्रसाद, ग्राम- बभनबे, थाना- मुफस्सिल, जिला- हजारीबाग) और पुरुषोत्तम कुमार (35 वर्ष, पिता- कौलेश्वर साहू, ग्राम- डेमोटांड, थाना- मुफस्सिल, जिला- हजारीबाग) के रूप में हुई।

पकड़े गए व्यक्तियों की तलाशी के दौरान गौतम कुमार के पास से एक पिस्टल, एक जिंदा गोली, और एक मोटोरोला कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया गया। इसके अलावा, अनुसंधान के दौरान एक अन्य अभियुक्त अभिषेक आनंद (पिता- रामचंद्र महतो, ग्राम- मुंडरो, थाना- बगोदर, जिला- गिरिडीह, वर्तमान पता- पंचशील कॉलोनी, थाना- मुफस्सिल, जिला- हजारीबाग) को भी गिरफ्तार किया गया।

इस मामले में टंडवा थाना में कांड संख्या 204/25, दिनांक 27.09.2025 के तहत भा.द.वि. की धारा 317(5)/3(5) और आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-B)(a)/26/35 के तहत मामला दर्ज किया गया है। तीनों गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है, और मामले की जांच अभी जारी है।



















