रांची नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, वार्ड-11 के कुरैशी मोहल्ले में 30 अवैध जल कनेक्शन काटे

रांची नगर निगम ने अवैध जल कनेक्शनों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाते हुए वार्ड संख्या-11 स्थित कुरैशी मोहल्ले में बड़ी कार्रवाई की है। अभियान के दौरान कुल 30 अवैध जल कनेक्शनों की पहचान कर उन्हें तत्काल प्रभाव से विच्छेदित कर दिया गया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!नगर निगम की जलापूर्ति शाखा की टीम ने संबंधित उपभोक्ताओं को निर्देश दिया है कि वे एक सप्ताह के भीतर अपने जल कनेक्शनों को नियमित कराते हुए विधिवत वैध कनेक्शन प्राप्त करें। निर्धारित अवधि के भीतर वैध कनेक्शन नहीं लेने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

रांची नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने, राजस्व हानि रोकने तथा सभी नागरिकों को समान रूप से जलापूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अवैध जल कनेक्शनों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। निगम ने नागरिकों से केवल वैध जल कनेक्शन का उपयोग करने और आवश्यक औपचारिकताएं समय पर पूरी करने की अपील की है।
इसके साथ ही निगम ने नागरिकों से आग्रह किया है कि यदि कहीं भी अवैध जल कनेक्शन की जानकारी हो, तो इसकी शिकायत टोल-फ्री नंबर 1800-570-1235 पर दर्ज कराएं, ताकि त्वरित जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
















