मिलन समारोह में झामुमो-कांग्रेस के कई कार्यकर्ता आजसू में हुए शामिल, सुदेश महतो ने हेमंत सरकार पर साधा निशाना
रांची : आजसू पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) और कांग्रेस के कई कार्यकर्ताओं ने आजसू का दामन थामा। इस अवसर पर पार्टी प्रमुख एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो ने हेमंत सोरेन सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि आगामी झारखंड विधानसभा सत्र में उनकी पार्टी सरकार की विफलताओं को प्रमुखता से उठाएगी।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सुदेश महतो ने रविवार को रांची में पार्टी मुख्यालय में आयोजित मिलन समारोह के बाद मीडिया से बातचीत में कहा, “झामुमो-कांग्रेस गठबंधन ने जनता को गुमराह कर सत्ता हासिल की, लेकिन अब मंत्रियों को जनता के मुद्दों से कोई सरोकार नहीं है।” उन्होंने आरोप लगाया कि हेमंत सरकार को अपना प्रदर्शन सुधारने के लिए 6 माह का समय दिया गया था, लेकिन 9 माह बीतने के बाद भी यह सरकार जनहित में पूरी तरह नाकाम रही है।
सुदेश महतो ने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था चरमरा गई है और माफिया व आपराधिक गिरोहों का बोलबाला है। कोयला, बालू और गिट्टी की तस्करी खुलेआम हो रही है। उन्होंने मइया योजना पर सवाल उठाते हुए कहा, “चुनाव जीतने के लिए झामुमो ने मइया योजना का सहारा लिया, लेकिन अब 6 लाख महिलाओं का नाम क्यों काटा जा रहा है? सरकार को इस पर जवाब देना होगा।” सुदेश महतो ने कहा कि आजसू पार्टी झारखंड के हितों के लिए संघर्षरत है और जनता के मुद्दों को विधानसभा में जोर-शोर से उठाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को और मजबूत करने का आह्वान किया।
मिलन समारोह में झामुमो और कांग्रेस छोड़कर आए कई कार्यकर्ताओं ने आजसू की सदस्यता ग्रहण की। इनमें सदमा पंचायत, ओरमांझी के पूर्व मुखिया हरिलाल मुंडा, अमित टोप्पो, मोतीलाल टोप्पो, कांके क्षेत्र के मो वसीम, मो शाहबाज, रवींद्र नाथ चटर्जी, मकसूद खान, इकबाल आलम, रिजवान, राज, ओम प्रकाश साव, शाहिद, रितेश कुमार, बबलू मंसूरी, मुकेश कुजूर, अहमद अली, शाहिद अहमद और सलाउद्दीन सहित कई अन्य शामिल थे। पार्टी नेताओं ने नए सदस्यों का पट्टा और माला पहनाकर स्वागत किया।
इस अवसर पर बुद्धिजीवी मंच के अध्यक्ष डोमन सिंह मुंडा, मुख्य प्रवक्ता डॉ देव शरण भगत, झारखंड आंदोलनकारी प्रवीण प्रभाकर, मुकुंद मेहता, संजय मेहता, इम्तियाज अहमद नज़्मी, कुमुद वर्मा, ज्योत्सना केरकेट्टा, ऋतुराज शाहदेव, शहजादा अनवर और शादाब रजा आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन संजय साहू ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन मो. कैफ ने किया।

















